मिरजापुर: आरक्षी नागरिक पुलिस के 60244 पदों पर सीधी भर्ती–2023 के अंतर्गत जनपद मीरजापुर से चयनित अभ्यर्थियों को कल 15 जून को लखनऊ में आयोजित होने वाले नियुक्ति पत्र वितरण समारोह में भाग लेने हेतु आज वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सोमेन बर्मा द्वारा पुलिस लाइन, मीरजापुर में ब्रिफिंग कर विधिवत रवाना किया गया।

इस राज्य स्तरीय कार्यक्रम में माननीय गृह मंत्री भारत सरकार एवं माननीय मुख्यमंत्री उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा नियुक्ति पत्र वितरित किए जाएंगे। इसके लिए जनपद मीरजापुर से चयनित महिला एवं पुरुष आरक्षियों को 08 बसों के माध्यम से लखनऊ के लिए भेजा गया है।

व्यवस्थाएं रहीं चाक-चौबंद
गर्मी को देखते हुए अभ्यर्थियों के लिए पानी की बोतलें, ग्लूकोन-डी, फर्स्ट एड किट आदि की समुचित व्यवस्था की गई थी। भोजन उपरांत परेड ग्राउंड से अभ्यर्थियों को रवाना किया गया।
वरिष्ठ अधिकारियों की मौजूदगी और निगरानी
यात्रा की पूरी निगरानी अपर पुलिस अधीक्षक (ऑपरेशन) और क्षेत्राधिकारी सदर के नेतृत्व में की गई। इस दौरान अपर पुलिस अधीक्षक नगर, क्षेत्राधिकारी यातायात, प्रतिसार निरीक्षक पुलिस लाइन सहित अन्य अधिकारी व कर्मचारीगण मौजूद रहे।
सभी को दिया गया आवश्यक दिशा-निर्देश
अभ्यर्थियों को लखनऊ के कार्यक्रम स्थल तक सुरक्षित और समय से पहुँचाने हेतु निर्धारित शेड्यूल के अनुसार दिशा-निर्देश दिए गए। संचार, सुरक्षा, परिवहन और स्वास्थ्य सेवाओं की सुनिश्चित व्यवस्था रही।










