वाराणसी: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ गुरुवार से दो दिन के दौरे पर काशी आ रहे हैं। इस दौरान वे जिले में चल रहे विकास कार्यों और कानून-व्यवस्था की समीक्षा करेंगे। साथ ही बाढ़ प्रभावित इलाकों का स्थलीय निरीक्षण भी करेंगे।
प्रोटोकॉल के अनुसार, मुख्यमंत्री शाम करीब 4:30 बजे चंदौली से वाराणसी पहुंचेंगे। वाराणसी आगमन के बाद वे सर्वप्रथम सर्किट हाउस में अफसरों के साथ विकास और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर बैठक करेंगे।
इसके बाद मुख्यमंत्री योगी काशी विश्वनाथ मंदिर और काल भैरव मंदिर में दर्शन-पूजन करेंगे। दौरे के दौरान वे शहर में चल रही प्रमुख विकास परियोजनाओं का निरीक्षण भी कर सकते हैं।
मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर प्रशासन और पुलिस महकमे ने तैयारियां पूरी कर ली हैं। सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद कर दी गई है।







