रामपुर: उत्तर प्रदेश के रामपुर जिले में एक दुष्कर्म पीड़िता ने दारोगा उदयवीर सिंह पर गंभीर आरोप लगाए हैं। पीड़िता का आरोप है कि दारोगा ने उसे मोबाइल पर आपत्तिजनक और अश्लील संदेश भेजे। साथ ही एक सिपाही पर भी आरोप है कि उसने पीड़िता के मोबाइल से वह मैसेज डिलीट कर दिए।
दारोगा उदयवीर सिंह और संबंधित सिपाही दोनों मिलक कोतवाली में तैनात थे। मामले की गंभीरता को देखते हुए रामपुर के पुलिस अधीक्षक (SP) ने इसकी जांच सीओ मिलक को सौंपी थी। प्रारंभिक जांच में आरोपों की पुष्टि होने पर SP ने दोनों पुलिसकर्मियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।
पुलिस विभाग इस पूरे मामले की विस्तृत जांच कर रहा है। वहीं पीड़िता को सुरक्षा देने और उसे न्याय दिलाने का आश्वासन दिया गया है।







