बलिया: रसड़ा कोतवाली क्षेत्र के पकवाइनार स्थित डायट (DIET) परिसर में एक बीटीसी छात्रा ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतका की पहचान प्रिया गिरि (25 वर्ष) पुत्री सुरेंद्र गिरि, निवासी नरसिंह मठिया, पकवाइनार के रूप में हुई है।

घटना शाम 5:30 बजे की बताई जा रही है जब डायट के परित्यक्त भवन में उसका शव दुपट्टे से फांसी पर लटका मिला। घटना की सूचना पर पकवाइनार चौकी पुलिस, क्षेत्राधिकारी रसड़ा, तथा फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का गहन निरीक्षण किया।

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मौके से एक सुसाइड नोट भी बरामद हुआ है, जिसकी विधिक जांच की जा रही है। फिलहाल सुसाइड नोट की सामग्री को पुलिस गोपनीय रखे हुए है और उसके आधार पर आत्महत्या के कारणों की जांच की जा रही है।
प्रशासनिक अधिकारियों ने बताया कि मामले की विस्तृत जांच, साक्ष्य संकलन और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। घटनास्थल पर शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल तैनात किया गया है।
ब्यूरो चीफ – अवधेश यादव









