Search
Close this search box.

गाजीपुर: बिजली कटौती से दुल्लहपुर क्षेत्र का जनजीवन अस्त-व्यस्त, ग्रामीणों में आक्रोश

गाजीपुर: दुल्लहपुर विद्युत उपकेंद्र से जुड़े ग्राम पंचायतों—सीखड़ी, छपरी, ददरा और चकदाउद—में बीते तीन दिनों से जारी अघोषित बिजली कटौती ने लोगों का जीवन बेहाल कर दिया है। भीषण गर्मी और उमस के बीच ग्रामीणों को रातें अंधेरे में काटनी पड़ रही हैं, जबकि किसानों की धान की फसल पर संकट के बादल गहराने लगे हैं।

ग्रामीणों ने बताया कि बिजली कभी-कभार आती भी है तो वोल्टेज इतनी कम होती है कि न तो पंखे चलते हैं और न ही पानी की मोटर। धान की नर्सरी की रोपाई के लिए खेतों को पानी नहीं मिल पा रहा है, जिससे फसल सूखने की कगार पर पहुंच गई है।

बिजली विभाग की लापरवाही को लेकर ग्रामीणों में गहरा रोष है। उनका कहना है कि विभागीय कर्मचारी हर बार लाइन फॉल्ट का बहाना बनाकर मामले को टाल देते हैं, लेकिन न कोई स्थायी समाधान होता है, न ही व्यवस्था में कोई सुधार दिखाई देता है।

ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि शीघ्र समस्या का समाधान नहीं हुआ, तो वे आंदोलन का रास्ता अपनाने को बाध्य होंगे, जिसकी जिम्मेदारी बिजली विभाग और जिला प्रशासन की होगी।

स्थानीय लोगों का यह भी कहना है कि सरकार द्वारा चलायी जा रही बिजली सुधार योजनाएं और ग्रामीण विकास की बातें जमीनी स्तर पर घोषित कटौती के रूप में झूठी साबित हो रही हैं। सिगड़ी सहित कई अन्य गांवों में भी यही स्थिति बनी हुई है, जिससे जलापूर्ति और कृषि कार्य पूरी तरह ठप हो गए हैं।

ग्रामीणों ने विभागीय अधिकारियों और प्रशासन से तत्काल हस्तक्षेप की मांग करते हुए नियमित व स्थिर विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने की अपील की है, ताकि जनजीवन और खेती-किसानी को और अधिक नुकसान से बचाया जा सके।

क्राइम रिपोर्टर -उमेश यादव

Leave a Comment

और पढ़ें