Search
Close this search box.

वाराणसी नगर निगम की लापरवाही से सड़कें बनीं हादसों का गड्ढा, सपा नेता जीशान अंसारी ने सौंपा ज्ञापन

वाराणसी: नगर निगम की लापरवाही एक बार फिर शहरवासियों पर भारी पड़ रही है। शहरभर में जगह-जगह सड़कों की खुदाई कर छोड़ दिया गया है, जिससे राहगीरों के साथ-साथ श्रद्धालुओं को भी भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। इन अधूरी परियोजनाओं और खुले गड्ढों के चलते लगातार हादसे हो रहे हैं।

इसी क्रम में समाजवादी पार्टी के नेता जीशान अंसारी ने नगर आयुक्त को एक ज्ञापन सौंपकर इन समस्याओं पर तत्काल संज्ञान लेने और कार्यवाही की मांग की है। उन्होंने बताया कि सिगरा फल मंडी के पास, जब उन्होंने अपनी गाड़ी पार्क की, तो पार्किंग स्टैंड धंस गया और वाहन एक गहरे गड्ढे में समा गया।

जीशान अंसारी ने आरोप लगाया कि नगर निगम विभिन्न परियोजनाओं के नाम पर सड़कों की खुदाई तो कर देता है, लेकिन उसे अधूरा छोड़ देता है, जिससे स्थानीय लोगों के साथ-साथ पर्यटक और श्रद्धालु भी प्रभावित हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि सावन मास में लाखों की संख्या में कांवड़िए बाबा विश्वनाथ के दर्शन के लिए काशी पहुंचते हैं, लेकिन शहर की दुर्दशा उनके लिए खतरा बनती जा रही है।

जन आंदोलन की चेतावनी

सपा नेता ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही सड़कों की मरम्मत और गड्ढों को भरने का कार्य शुरू नहीं किया गया, तो समाजवादी पार्टी जन आंदोलन करने के लिए बाध्य होगी। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि प्रशासन और शासन जानबूझकर समस्याओं की अनदेखी कर रहा है, जो बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है।

Leave a Comment

और पढ़ें