वाराणसी: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर शुरू हुए “एक पेड़ मां के नाम” अभियान के अंतर्गत महापौर अशोक कुमार तिवारी ने शुक्रवार को कंदवा स्थित कर्मदेश्वर मंदिर परिसर में वृक्षारोपण किया। इस अवसर पर उन्होंने परिसर में स्वयं झाड़ू लगाकर सफाई भी की और पीपल, पाकड़, नीम, मोलश्री तथा गोल्ड मोहर जैसे छायादार एवं औषधीय पौधों का रोपण किया।

महापौर ने कहा कि “यह सिर्फ वृक्षारोपण नहीं, बल्कि मातृभक्ति का प्रकटीकरण है। हर नागरिक अपनी मां के नाम एक पौधा रोपे और उसका पालन-पोषण करे।”

उन्होंने वाराणसी के नागरिकों, पर्यावरण प्रेमियों, स्वयंसेवी संस्थाओं और सामाजिक संगठनों से नगर निगम की इस मुहिम में सहभागी बनने की अपील की। महापौर ने बताया कि नगर निगम इस वर्ष 20,000 पौधों का रोपण ट्रीगार्ड के साथ करेगा।
संपर्क और सहभागिता की अपील
महापौर ने कहा कि जो नागरिक या संस्थाएं वृक्षारोपण में भाग लेना चाहते हैं वे नगर निगम के उद्यान विभाग से संपर्क कर सकते हैं। उन्होंने अभियान को जन आंदोलन बनाने की अपील करते हुए कहा कि वृक्ष संरक्षण के लिए नागरिकों की भावनात्मक भागीदारी आवश्यक है।
उपस्थित गणमान्य
इस अवसर पर विधान परिषद सदस्य हंसराज विश्वकर्मा, संयुक्त नगर आयुक्त कृष्ण चंद्र, जोनल अधिकारी इंद्र विजय सिंह यादव, क्षेत्रीय पार्षद, उद्यान अधीक्षक डॉ. वी. के. सिंह सहित कई गणमान्य नागरिक एवं निगम अधिकारी उपस्थित रहे।









