पटना: राजधानी पटना के जानीपुर थाना क्षेत्र से एक रोंगटे खड़े कर देने वाली घटना सामने आई है, जहां 10 और 12 साल के दो मासूम भाई-बहन अंजली और अंश की घर में जलाकर हत्या कर दी गई। यह दिल दहला देने वाली वारदात उस वक्त हुई जब दोनों बच्चे स्कूल से लौटकर घर में अकेले थे।
कमरे में जलते मिले शव, साजिश की आशंका
घटना की सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस को कमरे में बेड पर दोनों बच्चों के जले हुए शव मिले। प्रारंभिक जांच में स्पष्ट है कि हत्या के बाद दोनों शवों को जलाने की कोशिश की गई, जिससे साक्ष्य मिटाने की कोशिश की आशंका जताई जा रही है।
परिजनों ने जताई साजिश की आशंका
परिवार वालों का कहना है कि यह कोई हादसा नहीं, बल्कि सोची-समझी साजिश है। उनका कहना है कि दोनों बच्चे स्कूल से लौटे थे और थोड़ी देर बाद घर से धुआं निकलता देखा गया। जब दरवाजा तोड़कर अंदर घुसे तो बेड पर जले हुए शव पड़े थे।
पुलिस ने दर्ज किया हत्या का मामला
जानीपुर थाने की पुलिस ने इसे हत्या का मामला मानते हुए एफआईआर दर्ज कर ली है। मामले की गंभीरता को देखते हुए फोरेंसिक टीम और डॉग स्क्वॉड को मौके पर बुलाया गया है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, “घर में जबरन घुसने या लूटपाट के कोई निशान नहीं मिले हैं, लेकिन बच्चों के शरीर पर जलाने से पहले चोट के निशान पाए गए हैं।”
इलाके में दहशत
इस निर्मम हत्या से पूरे इलाके में सन्नाटा और आक्रोश है। स्थानीय लोग इसे मानवता को शर्मसार करने वाला अपराध बता रहे हैं और जल्द से जल्द हत्यारों की गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं।









