सोनभद्र: विकास खंड कोन के ग्राम पंचायत कचनरवा बाजार की बदहाल स्थिति को लेकर ग्रामीणों का आक्रोश बृहस्पतिवार को फूट पड़ा। जिला पंचायत सदस्य छविंद्र नाथ चेरो की अगुवाई में ग्रामीणों ने कोन-विंढमगंज मार्ग की मरम्मत, बाजार की नाली निर्माण और साफ-सफाई को लेकर जोरदार प्रदर्शन किया और जिला प्रशासन से त्वरित कार्रवाई की मांग की।
सड़क और नाली की दुर्दशा
प्रदर्शनकारियों ने बताया कि कोन-विंढमगंज रोड पूरी तरह जर्जर हो चुकी है, जिससे राहगीरों और वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। वहीं कचनरवा मुख्य बाजार की नाली अधूरी पड़ी है और जगह-जगह गंदगी फैली हुई है, जिससे बाजार की स्थिति नरकीय बन चुकी है।
पूर्व ब्लॉक प्रमुख राजनारायण जायसवाल ने प्रशासन पर नाराज़गी जताते हुए कहा कि बाजार में चलना मुश्किल हो गया है और नाली पर ढक्कन लगाने की मांग लंबे समय से की जा रही है। हैरानी की बात यह है कि स्थानीय जे.ई. (जूनियर इंजीनियर) ने दुकानदारों को स्वयं के खर्चे पर ढक्कन लगाने की सलाह दे दी, जिससे नाराजगी और बढ़ गई।
दुकानदारों की पीड़ा
स्थानीय दुकानदार संतोष जायसवाल ने कहा कि बाजार की हालत के कारण व्यापार चौपट हो रहा है। उन्होंने जिला प्रशासन का ध्यान आकर्षित करते हुए सड़क को गड्ढा मुक्त करने, नाली की सफाई और ढक्कन लगवाने की मांग की है।
प्रशासन ने लिया संज्ञान
प्रदर्शन के दौरान उप जिलाधिकारी और पुलिस क्षेत्राधिकारी ने मौके पर पहुंचकर कचनरवा बाजार का निरीक्षण किया और लोगों की समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए समाधान का आश्वासन दिया।
प्रदर्शन में शामिल प्रमुख लोग:
- जिला पंचायत सदस्य छविंद्र नाथ चेरो
- रोहन, रंजन, राहुल, लल्लू कुशवाहा
- अन्य ग्रामीण और दुकानदार
मौके पर संबंधित जे.ई., लेखपाल और स्थानीय व्यापारी भी उपस्थित रहे।









