Search
Close this search box.

गाजीपुर में रक्षाबंधन को लेकर खाद्य सुरक्षा विभाग का विशेष अभियान, 9 नमूने संग्रहित

गाजीपुर: रक्षाबंधन के पर्व को देखते हुए खाद्य सुरक्षा विभाग द्वारा जिले में एक विशेष अभियान चलाया गया। अभियान के तहत मिठाई की दुकानों और प्रतिष्ठानों से कुल 9 खाद्य नमूने संग्रहित किए गए। यह कार्रवाई मिलावटखोरी रोकने और आमजन को सुरक्षित खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के उद्देश्य से की गई।

अभियान के दौरान अमारी गेट, दुल्लहपुर, जखनियां, सिकड़ी बाजार, मलिकपुरा मधुबन, मेदनीपुर करंडा, आदर्श बाजार, महाराजगंज, और प्रसादपुर छावनी लाइन गाजीपुर सहित कई स्थानों पर निरीक्षण किया गया।

जय मां दुर्गे स्वीट्स हाउस (दुल्लहपुर) से डोडा बर्फी, जय हिन्द स्वीट्स एंड बेकर्स और कन्हैया स्वीट्स हाउस से छेना मिठाई, सिकड़ी बाजार से पेड़ा, अमन स्वीट हाउस (मलिकपुरा मधुबन) से खोवा, शकुंतला गुप्ता प्रतिष्ठान (मेदनीपुर करंडा) से काला जामुन, मद्धेशिया मिष्ठान भंडार से बूंदी लड्डू, आदर्श बाजार और महाराजगंज से बर्फी के नमूने लिए गए।

इसके अलावा, प्रसादपुर छावनी लाइन, गाजीपुर स्थित चंद्रकांत के प्रतिष्ठान से 23 किलोग्राम बेसन लड्डू, बर्फी और बतीसा मानव उपभोग के लिए असुरक्षित पाए जाने पर नष्ट कर दिए गए।

सभी एकत्रित नमूनों को उत्तर प्रदेश खाद्य विश्लेषण प्रयोगशाला भेजा गया है। जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम 2006 के तहत आवश्यक विधिक कार्रवाई की जाएगी।

यह अभियान मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी सुमन कुमार मिश्रा के नेतृत्व में संचालित किया गया। टीम में खाद्य सुरक्षा अधिकारी गुलाबचंद गुप्ता, पंकज कुमार कनौजिया, अरविंद प्रजापति, धनंजय सिंह, वीरेंद्र यादव और विपिन कुमार गिरी शामिल थे।

Leave a Comment

और पढ़ें