Search
Close this search box.

गाजीपुर: बरही गांव में जलजमाव से जर्जर सड़क पर ग्रामीणों का विरोध प्रदर्शन, मरम्मत की मांग को लेकर उठी आवाज

गाजीपुर: मरदह विकासखंड के बरही गांव स्थित हरिजन बस्ती को जाने वाली मुख्य सड़क पर जलजमाव और खराब स्थिति से परेशान ग्रामीणों ने विरोध प्रदर्शन किया। लगभग 50 मीटर तक सड़क पूरी तरह जर्जर हो चुकी है, जिस पर अगल-बगल के घरों का पानी भी बहकर जमा हो रहा है, जिससे रास्ता पूरी तरह कीचड़ में तब्दील हो गया है।

गुस्साए ग्रामीणों ने सड़क पर जमा पानी के बीच खड़े होकर विरोध प्रदर्शन किया और चेतावनी दी कि अगर जल्द से जल्द सड़क की मरम्मत नहीं कराई गई, तो वे ब्लॉक मुख्यालय पर धरना-प्रदर्शन करेंगे।

ग्रामीण मनोज कुमार और घनश्याम कुमार ने बताया कि कई बार ग्राम प्रधान शशिधर यादव से मरम्मत की मांग की गई, लेकिन हर बार उन्होंने समस्या को नजरअंदाज कर दिया। ग्रामीणों का आरोप है कि जब भी समस्या बताई जाती है, तो ग्राम प्रधान समाधान करने के बजाय नसीहत देने लगते हैं।

इस सड़क मार्ग से हरिजन बस्ती की डेढ़ हजार से अधिक आबादी जुड़ी हुई है। साथ ही स्कूली बच्चों को रोजाना इसी रास्ते से गुजरना पड़ता है, जहाँ वे जर्जर सड़क और फिसलन के कारण गिरकर घायल भी हो जाते हैं।

विरोध प्रदर्शन में शामिल ग्रामीणों में घनश्याम कुमार, अखिलेश, मिथिलेश, मनोज कुमार, विजय, सुमित्रा, आशा, साधना, रामचन्द्र, अच्छे, लालसा सहित कई अन्य लोग मौजूद रहे। सभी ने एक स्वर में सड़क की शीघ्र मरम्मत की मांग की।

Leave a Comment

और पढ़ें