मिर्जापुर: बरौधा वार्ड नंबर 14 में नगर पालिका निधि से लाखों रुपये की लागत से बना सामुदायिक भवन आज ताले में बंद पड़ा है। कभी सार्वजनिक उपयोग के लिए बनाया गया यह भवन अब उदासीनता और प्रशासनिक लापरवाही की मिसाल बन चुका है।
नगर निकाय चुनाव के दौरान इस भवन में बूथ संख्या 79 और 80 बनाए गए थे, लेकिन चुनाव खत्म होने के बाद से इस भवन का कोई उपयोग नहीं किया जा रहा है। भवन में ताला जड़ा हुआ है और यह लगातार जर्जर होता जा रहा है।
स्थानीय सभासद संदीप तिवारी ने इसको लेकर कई बार नगर पालिका को लिखित और मौखिक शिकायतें दी हैं, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। उन्होंने नगर पालिका की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कहा कि जब लाखों रुपये खर्च करके भवन बनवाया गया है तो उसका उपयोग भी होना चाहिए।
स्थानीय निवासियों का कहना है कि यह भवन शादी, सभा, या अन्य सामाजिक कार्यों के लिए उपयोग में लाया जा सकता था, लेकिन इसकी अनदेखी से जनता के पैसों का दुरुपयोग हो रहा है।
लोगों ने मांग की है कि जल्द से जल्द इस सामुदायिक भवन को आम जनता के उपयोग में लाया जाए और इसकी देखरेख के लिए जिम्मेदार अधिकारी नियुक्त किए जाएं।









