गाजीपुर: जमानिया दक्षिणी मंडल के गाय घाट गांव में सर्पदंश से हुई एक महिला की मौत के बाद, उत्तर प्रदेश सरकार की ओर से चार लाख रुपये की आर्थिक सहायता राशि का चेक पीड़ित परिवार को सौंपा गया। निवर्तमान विधायक सुनीता सिंह स्वयं पीड़िता के पति रणन्जय कुमार शर्मा के घर पहुंचीं और उन्हें यह सहायता राशि का चेक सौंपा।
शोक संवेदना व्यक्त कर बंधाया ढांढस
विधायक सुनीता सिंह ने परिजनों से मुलाकात कर शोक संवेदना व्यक्त की और परिवार को ढांढस बंधाते हुए कहा, “भाजपा सरकार हर आपदा या आकस्मिक घटना में पीड़ित परिवारों के साथ मजबूती से खड़ी रहती है।”
विधायक ने बताया कि राज्य सरकार की यह नीति है कि ऐसे मामलों में तुरंत राहत पहुंचाई जाए ताकि शोक संतप्त परिवारों को कुछ आर्थिक सहारा मिल सके।
प्रशासनिक सहयोग की सराहना
इस मौके पर स्थानीय प्रशासनिक अधिकारियों और भाजपा कार्यकर्ताओं ने भी मृतका के परिजनों को सांत्वना दी और भविष्य में हर संभव मदद का आश्वासन दिया।








