गाजीपुर: जिले में संपूर्ण समाधान दिवस के अवसर पर जनता की समस्याओं के निस्तारण के लिए विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। कासिमाबाद तहसील सभागार में आयोजित इस कार्यक्रम की अध्यक्षता जिलाधिकारी अविनाश कुमार ने की, जबकि पुलिस अधीक्षक डॉ. ईरज राजा भी मौजूद रहे।
आंकड़ों के अनुसार, जिले की सातों तहसीलों में कुल 424 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 38 का मौके पर निस्तारण कर दिया गया। तहसीलवार शिकायत और निस्तारण का विवरण इस प्रकार है—
- कासिमाबाद: 85 शिकायतें, 8 का निस्तारण
- तहसील सदर: 53 में से 6 का निस्तारण
- सेवराई: 43 में से 5 का निस्तारण
- जखनियां: 58 में से 1 का निस्तारण
- मुहम्मदाबाद: 38 में से 5 का निस्तारण
- सैदपुर: 40 में से 3 का निस्तारण
- जमानिया: 107 में से 10 का निस्तारण
जिलाधिकारी ने सभी शिकायतों को गंभीरता से सुना और अधिकारियों को समयबद्ध तरीके से समाधान करने के निर्देश दिए। उन्होंने पुलिस और राजस्व विभाग के बीच आपसी समन्वय बनाए रखने पर ज़ोर दिया। साथ ही, छोटे-छोटे मामलों को लेखपालों द्वारा तुरंत निस्तारित करने के निर्देश भी दिए।
निरीक्षण और निर्देश
कार्यक्रम के बाद जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने तहसील परिसर में बन रहे आवासीय भवन का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान निर्माण में खामियां पाई गईं, जिस पर जिलाधिकारी ने एक सप्ताह के भीतर कमियों को दूर करने के निर्देश दिए।
उपस्थित अधिकारी
इस मौके पर मुख्य विकास अधिकारी संतोष कुमार वैश्य, उप जिलाधिकारी लोकेश कुमार, तहसीलदार कौशल चौरसिया, क्षेत्राधिकारी शुभम वर्मा सहित कई विभागीय अधिकारी मौजूद रहे।
रिपोर्ट– धर्मेंद्र कुमार







