बागपत: उत्तर प्रदेश के बागपत जिले से मंगलवार देर रात एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। पारिवारिक कलह के चलते एक महिला ने अपनी तीन मासूम बेटियों की गला दबाकर हत्या कर दी और फिर खुद फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।
घटना दोघट थाना क्षेत्र के टीकरी गांव की है। मृतका की पहचान तेज कुमारी (29) पत्नी बस चालक विकास के रूप में हुई है। जानकारी के मुताबिक, तेज कुमारी ने पहले अपनी सात साल की बेटी गुंजन, दो साल की किट्टू और पांच माह की मीरा की चुनरी से गला दबाकर हत्या की। इसके बाद उसने फांसी लगाकर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली।
घटना की जानकारी होते ही पूरे गांव में सनसनी फैल गई। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और चारों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है। इस दर्दनाक हादसे के बाद परिवार और ग्रामीणों का रो-रोकर बुरा हाल है।







