गाजीपुर: नंदगंज थाना क्षेत्र के तुरना गांव में एक बुजुर्ग किसान की रहस्यमय ढंग से हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान 65 वर्षीय केदार प्रजापति के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार, केदार अपने खेत में मशीन के पास चारपाई पर सो रहे थे, तभी अज्ञात बदमाशों ने उनकी हत्या कर दी। सुबह ग्रामीणों ने खेत में खून से लथपथ शव देखा और तुरंत परिजनों तथा पुलिस को सूचना दी।
घटना की जानकारी मिलने के बाद मौके पर बड़ी संख्या में लोग जमा हो गए। पुलिस अधीक्षक डॉ. ईरज राजा ने बताया कि मृतक के सिर के बाएं कनपटी पर गंभीर चोट के निशान पाए गए हैं। प्रारंभिक जांच में हत्या पारिवारिक रंजिश का परिणाम प्रतीत हो रही है। हालांकि यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि हत्या गोली से हुई या किसी अन्य हथियार से, जिसके लिए पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आरोपी की तलाश में सक्रिय टीम मौके पर जुटी है। अधिकारियों का कहना है कि मामले की गहन छानबीन की जा रही है और जल्द ही हत्यारो को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Author: Ujala Sanchar
उजाला संचार एक प्रतिष्ठित न्यूज़ पोर्टल और अख़बार है जो स्थानीय, राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय और अन्य समाचारों को कवर करती है। हम सटीक, विश्वसनीय और अद्यतन जानकारी प्रदान करने के लिए समर्पित हैं।