बलिया: ग्राम गंगापुर में सड़क हादसे ने एक परिवार की खुशियां छीन लीं। जानकारी के अनुसार, कुमारी कंचन गोंड (उम्र 23 वर्ष) 13 सितम्बर की शाम लगभग 7 बजे रोज की भांति शौच के लिए घर से निकली थीं।
इसी दौरान ग्राम गंगापुर निवासी दबंग प्रवृत्ति का व्यक्ति लव कुमार सिंह पुत्र द्वारिका सिंह अपनी बाइक (नंबर UP-60 Z 0979) तेज रफ्तार और रॉन्ग साइड से चलाते हुए आया और पीछे से कंचन को जोरदार टक्कर मार दी।
हादसे के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। घटना स्थल पर मौजूद ग्रामीणों ने गंभीर हालत में कंचन को तत्काल स्वास्थ्य केंद्र मनियर पहुंचाया, जहां से डॉक्टरों ने स्थिति नाजुक देख कर उन्हें जिला अस्पताल बलिया रेफर कर दिया। लेकिन वहां भी हालत बिगड़ने पर कंचन को बनारस ट्रॉमा सेंटर भेजा गया।
करीब चार दिनों तक चली जिंदगी और मौत की जंग के बाद आखिरकार कंचन ने दम तोड़ दिया। घटना से गांव में शोक की लहर दौड़ गई है।









