गाजीपुर: मरदह क्षेत्र के इंग्लिश मीडियम प्राथमिक विद्यालय सोढ़रा प्रांगण में गुरुवार को प्रखर समाजसेवी राहुल सिंह के नेतृत्व में नि:शुल्क स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का उद्घाटन पूर्व प्रधान विरेंद्र उर्फ बिरजू पासवान ने फीता काटकर किया और लोगों से स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहने की अपील की।
सुबह 10 बजे से शुरू होकर दोपहर 2 बजे तक चले इस स्वास्थ्य शिविर में लगभग 150 लोगों ने स्वास्थ्य जांच कराई, परामर्श लिया और दवाएं प्राप्त कीं। इनमें 78 छात्र-छात्राओं सहित अभिभावक, शिक्षक और ग्रामीण शामिल रहे। कुल 72 मरीजों का उपचार कराकर दवा उपलब्ध कराई गई।
शिविर में बुखार, सर्दी-खांसी, जुकाम, बीपी, शुगर, मधुमेह, चर्म रोग, दाद-खुजली, बदन दर्द, पैर दर्द, पेट दर्द, दांत-कान और आंख की समस्याओं से पीड़ित मरीजों ने स्वास्थ्य परीक्षण कराया। अधिकांश मरीज बुखार, जुकाम और दर्द से पीड़ित पाए गए।
समाजसेवी राहुल सिंह ने कहा कि “स्वस्थ भारत–सुंदर भारत का सपना तभी पूरा होगा, जब गांव के हर व्यक्ति के चेहरे पर मुस्कान होगी। इसके लिए हर किसी को अपने स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहना जरूरी है। यह शिविर एक छोटा सा प्रयास है और आगे भी ऐसे जनहितकारी आयोजन होते रहेंगे।”
उन्होंने बदलते मौसम में सावधानी बरतने की सलाह देते हुए कहा कि धूप, बरसात और मच्छरों से बचाव करें, बासी भोजन से परहेज करें और हमेशा ताजा भोजन, फल, सलाद व शुद्ध पेयजल का सेवन करें। जरूरत पड़ने पर पानी उबालकर पिएं और किसी भी स्वास्थ्य समस्या के लिए नजदीकी सरकारी अस्पताल से संपर्क करें। इमरजेंसी की स्थिति में 108 एंबुलेंस और गर्भवती महिलाओं के लिए 102 एंबुलेंस सेवा का उपयोग करने की अपील की।
इस आयोजन को सफल बनाने में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मरदह के चिकित्सक डॉ. सत्यम, डॉ. अरुण, फार्मासिस्ट प्रियांशु वर्मा, अभिषेक कुमार, नीलम देवी, प्रधानाध्यापक पंकज गुप्ता, तथा सहयोगी विनोद जायसवाल, कंचन सिंह और अर्चना सिंह का योगदान सराहनीय रहा।









