गाजीपुर। थाना क्षेत्र के शेखपुर चट्टी पर मंगलवार की शाम बड़ा हादसा हो गया। एक अनियंत्रित चारपहिया वाहन सड़क किनारे खड़े लोगों को रौंदते हुए निकल गई, जिससे तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, एक चारपहिया वाहन सोमवार की शाम शेखपुर चट्टी से गुजर रहा था। चालक लंबे समय से गाड़ी चलाने के कारण थक गया था। उसने अपने मित्र को ड्राइविंग सीट पर बैठा दिया। नए चालक ने अनजाने में क्लच की जगह एक्सीलरेटर दबा दिया, जिससे वाहन अचानक तेज रफ्तार में आ गया और नियंत्रण खो बैठा।
अनियंत्रित वाहन सड़क किनारे खड़े ठेला चालक और राहगीरों को टक्कर मारते हुए निकल गया। हादसे में शेखपुरा निवासी जवाहिर बिंद (ठेला चालक), मच्छरताली निवासी सौरी राम तथा रूहीपुर निवासी लक्खू बिंद गंभीर रूप से घायल हो गए।
घायलों को तत्काल नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर उन्हें रेफर कर दिया गया। सूचना मिलते ही जंगीपुर पुलिस मौके पर पहुंची और वाहन को कब्जे में लेकर थाने भेज दिया। घटना के बाद क्षेत्र में हड़कंप का माहौल है।
ब्यूरोचीफ: संजय यादव







