सोनभद्र। पिपरी नगर पंचायत के उत्सव मैदान में ग्रीनलैंड विद्यालय द्वारा आयोजित दो दिवसीय चैरिटी डांडिया नाइट का पहला दिन श्रद्धा, उत्साह और उमंग से भरपूर रहा। रंग-बिरंगी रोशनी, भक्ति भाव और मधुर संगीत की ताल ने पूरे मैदान को उत्सवमय बना दिया।
कार्यक्रम की शुरुआत माँ दुर्गा की प्रतिमा के समक्ष पूजन और मंगलाचरण से हुई। जैसे ही गरबा और डांडिया की ताल बजी, सैकड़ों लोग पारंपरिक परिधानों में सजकर एक ही लय में कदम से कदम मिलाते नजर आए। इस दौरान पिपरी नगर पंचायत के अध्यक्ष दिग्विजय सिंह अपने सभासदों के साथ मौजूद रहे और उन्होंने आम लोगों के साथ मिलकर कार्यक्रम को और भी खास बनाया।
कार्यक्रम में नृत्य, संगीत और विभिन्न प्रतियोगिताएँ भी आयोजित की गईं। विजेताओं को मंच पर सम्मानित किया गया, जिससे प्रतिभागियों का उत्साह दोगुना हो गया। मंच संचालन कर रहे अभिषेक द्विवेदी ने मुख्य प्रायोजक अमित अग्रवाल और नगर पंचायत पिपरी का धन्यवाद किया। साथ ही उन्होंने सभी से दूसरे दिन होने वाले कार्यक्रम में भी बढ़-चढ़कर शामिल होने की अपील की।
डांडिया नाइट का यह पहला दिन सिर्फ मनोरंजन तक सीमित नहीं रहा, बल्कि स्वच्छता और सामाजिक जिम्मेदारी का संदेश भी लोगों तक पहुँचाया। भक्ति और उल्लास से ओत-प्रोत यह शाम नगरवासियों के लिए लंबे समय तक यादगार बनी।








