बलिया कार्तिक पूर्णिमा एवं देव दीपावली के पावन अवसर पर बुधवार की संध्या नगरा स्थित प्राचीन दुर्गा मंदिर परिसर में गंगा महाआरती का भव्य आयोजन किया गया। यह आयोजन भक्ति, श्रद्धा और आध्यात्मिक ऊर्जा से ओतप्रोत रहा।
काशी से पधारे विद्वान आचार्यों ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच आरती संपन्न कराई। “जटाटवीगलज्ज्वल” और “गंगा तरंग रमणीय” जैसे दिव्य मंत्रों की गूंज से पूरा वातावरण भक्तिमय और आध्यात्मिक आलोक से परिपूर्ण हो उठा। यह पहला अवसर था जब नगरा के इस प्राचीन मंदिर में काशी के विद्वानों द्वारा गंगा महाआरती का आयोजन किया गया।
शाम सात बजे आरंभ हुई यह आरती लगभग पौन घंटे तक चली, जिसका समापन स्वस्ति वाचन और दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। आरती के दौरान ‘हर हर महादेव’ और ‘दुर्गा मइया की जय’ के उद्घोष से पूरा क्षेत्र गुंजायमान हो उठा।
मंदिर के व्यवस्थापक एवं पूर्व प्रमुख निर्भय प्रकाश और उनकी टीम ने इस भव्य आयोजन की व्यापक तैयारियां की थीं। परिसर को दीपों, पुष्पों और रंगोली से सजाया गया था।
कार्यक्रम में दो हजार से अधिक श्रद्धालु उपस्थित रहे, जिनमें प्रमुख रूप से सूर्यनाथ पांडेय उर्फ पुआ बाबा, भाजपा के पूर्व मंडल अध्यक्ष अरविंद नारायण सिंह, अध्यापक राकेश सिंह, भाजपा मंडल महामंत्री संतोष कुमार पांडेय, अमरेंद्र सोनी, अनूप चौहान, मनोज कुमार गुप्ता ‘झब्बू’, संजय सिंह, सभासद राजेश पांडेय, लाल बहादुर सिंह, चंद्रभान, रामायण ठाकुर (सार्वजनिक रामलीला समिति के उपाध्यक्ष), हरेराम गुप्ता, सुनील गुप्ता, विद्या भूषण, डॉ. आर.एस. वर्मा, डॉ. डी.एन. प्रसाद, मंदिर के पूजारी मुन्ना पांडेय, मनीष शाह, लाल बाबू और गोविंद सहित कई गणमान्य लोग शामिल रहे।
इस अवसर पर दुर्गा मंदिर परिसर में दीपों की लौ और गंगा स्तुति के स्वर जब एकसाथ उठे, तो वातावरण में आस्था और भक्ति की एक अद्भुत झंकार गूंज उठी — मानो स्वयं माँ गंगा और माँ दुर्गा भक्तों के मध्य विराजमान हों।
ब्यूरोचीफ – अवधेश यादव









