बलिया: बिहार की राजनीति को लेकर एक बार फिर सियासी तापमान बढ़ गया है। बलिया जिले की बांसडीह विधानसभा क्षेत्र से बीजेपी विधायक केतकी सिंह ने बिहार चुनाव को लेकर राजद और तेजस्वी यादव पर करारा हमला बोला है।
विधायक केतकी सिंह ने कहा कि “लालू यादव के कारनामों का कलंक तेजस्वी यादव के सिर से मिट नहीं सकता, और यही कलंक राजद की सरकार बनने नहीं देगा।”
उन्होंने दावा किया कि आने वाले चुनावों में बिहार की जनता एक बार फिर नीतीश कुमार के नेतृत्व में सरकार बनाएगी। उन्होंने सवाल उठाया “आख़िर बिहार के लोग फिर से उस दौर में क्यों लौटना चाहेंगे, जब शाम को घर से निकले बेटों के लौटने की कोई गारंटी नहीं होती थी?”
केतकी सिंह ने राजद शासनकाल के भय और अराजकता के माहौल को याद करते हुए कहा कि बिहार की जनता ने चारा घोटाला और भ्रष्टाचार के काले अध्याय को नहीं भुलाया है। उन्होंने कहा “जब तक लालू यादव के कारनामों का कलंक तेजस्वी यादव के कंधों पर रहेगा, तब तक राजद को सत्ता में आने से कोई नहीं रोक सकता, सिवाय बिहार की जनता के।”
जब उनसे पूछा गया कि क्या लालू यादव ही तेजस्वी की राह में सबसे बड़ी बाधा हैं, तो उन्होंने जवाब दिया “सिर्फ लालू यादव ही नहीं, राजद की पूरी सोच और कार्यप्रणाली ही बाधा है। राजद ने बिहार की जनता को हमेशा हल्के में लिया और उनके विश्वास के साथ खिलवाड़ किया।”
उन्होंने आगे कहा कि बिहार की जनता अपनी बहन-बेटियों की अस्मिता और राजद शासन के आतंक को अब तक नहीं भूली है।
केतकी सिंह ने तेजस्वी यादव पर निशाना साधते हुए कहा “तेजस्वी की मानसिकता भी अपने पिता जैसी है, ऐसे में बिहार की जनता कभी भी उस अंधकार युग में वापस नहीं जाएगी।”
उन्होंने विश्वास जताया कि बिहार की जनता विकास, सुशासन और स्थिरता को चुनेगी — न कि अराजकता को।
ब्यूरोचीफ – अवधेश यादव







