Search
Close this search box.

बलिया: नगरा काली माता मंदिर से दान पेटी चोरी, अज्ञात चोरों ने उड़ाए 35 हजार रुपये

बलिया। नगरा क्षेत्र में सिकंदरपुर मार्ग स्थित काली माता मंदिर से अज्ञात चोरों द्वारा दान पेटी चोरी किए जाने का मामला सामने आया है। चोरों ने दान पेटी का ताला तोड़कर उसमें रखे करीब 35 हजार रुपये लेकर फरार हो गए। घटना रविवार देर रात की बताई जा रही है।

चोरी की जानकारी सोमवार सुबह उस समय हुई जब ग्रामीण खेतों की ओर जा रहे थे। खेत में टूटी हुई दान पेटी पड़ी देख उन्होंने इसकी सूचना तुरंत पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का मुआयना कर जांच प्रारम्भ कर दी।

जानकारी के अनुसार, मंदिर के पुजारी ने रविवार रात भोग आरती करने के बाद अपने कमरे में जाकर विश्राम किया था। इसी दौरान रात में किसी समय चोर मंदिर के पूर्वी हिस्से की चहारदीवारी फांदकर परिसर में घुसे। चोरों ने पहले पिलर से लोहे की चेन से बंधी दान पेटी को काटा और फिर उसे मंदिर के पीछे उत्तरी दिशा में ले जाकर ताला तोड़ दिया। दान पेटी में श्रद्धालुओं द्वारा चढ़ाया गया लगभग 35 हजार रुपये मौजूद थे।

घटना से ग्रामीणों में गहरा आक्रोश है। लोगों ने मंदिरों में बढ़ती चोरी की घटनाओं पर चिंता जताते हुए पुलिस से शीघ्र कार्रवाई की मांग की है। पुलिस टीम आसपास के क्षेत्रों की छानबीन कर संभावित सुराग जुटाने में लगी हुई है।

ब्यूरोचीफ: अवधेश यादव

Leave a Comment

और पढ़ें