मिर्जापुर। राज्य महिला आयोग की सदस्य नीलम प्रभात ने मंगलवार को जनपद के विभिन्न संस्थानों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण में आईटीआई पॉलिटेक्निक बथुआ, कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय पहाड़ी, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र चचेरी मोड़, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र चुनार, आंगनबाड़ी केंद्र, प्राथमिक विद्यालय दरगाह शरीफ तथा थाना चुनार शामिल रहे।

निरीक्षण के दौरान सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र चचेरी मोड़ पर कुछ स्टाफ नर्सों का निर्धारित चिकित्सकीय परिधान में न होना आयोग सदस्य को अखरा। इस पर उन्होंने नाराजगी व्यक्त करते हुए स्वास्थ्य विभाग को व्यवस्था सुधारने के निर्देश दिए।

वहीं प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र चुनार पर सभी व्यवस्थाएं संतोषजनक पाई गईं। मा. सदस्य ने यहां की व्यवस्था की सराहना की और प्रभारी चिकित्सा अधिकारी डॉ. राकेश पटेल को विशेष रूप से प्रशंसा पत्र देने की बात कही।
आंगनबाड़ी केंद्र चुनार में मा. सदस्य ने स्वयं गोदभराई एवं अन्नप्राशन कार्यक्रम में भाग लिया। उन्होंने सीडीपीओ रेनू पांडेय, आंगनबाड़ी कार्यकत्री पूर्णिमा सिंह एवं अन्य कार्यकर्ताओं के कार्यों की तारीफ की।
निरीक्षण के दौरान सभी विभागों को निर्देश दिया गया कि महिलाओं एवं बालिकाओं के हित से जुड़े कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और आवश्यकतानुसार त्वरित सुधार किया जाए।









