वाराणसी। रोहनिया थाना क्षेत्र के भदवर गांव में पुलिस ने मंगलवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए भारी मात्रा में प्रतिबंधित कफ सिरप बरामद किया। डीसीपी वरूणा जोन प्रमोद कुमार को मिली गुप्त सूचना के आधार पर यह छापेमारी की गई, जिसमें करोड़ों रुपये की खेप पकड़े जाने से हड़कंप मच गया।
छापेमारी का पूरा मामला
सूचना मिलते ही एसीपी रोहनियां संजीव शर्मा और रोहनियां थाना प्रभारी राजू सिंह ने टीम संग भदवर स्थित एक जिम के नीचे बने गोदाम पर छापा मारा। जांच के दौरान गोदाम से भारी मात्रा में कफ सिरप की खेप बरामद की गई। बरामद माल की कीमत 1 से 1.5 करोड़ रुपये के बीच आंकी जा रही है।
गोदाम महिला प्रधान के पति का बताया जा रहा
प्राथमिक जांच में पता चला कि जिस गोदाम में कफ सिरप संग्रहित था, वह किसी स्थानीय महिला प्रधान के पति के नाम से जुड़ा बताया जा रहा है। पुलिस इस संबंध में दस्तावेज खंगालने में जुट गई है।
विशेष टीमें मौके पर पहुंचीं
डीसीपी वरूणा के निर्देश पर ड्रग विभाग और ANTF (एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स) की टीम को भी मौके पर बुलाया गया है। टीमें बरामद माल के सैम्पल, लेबल और अन्य दस्तावेजों की जांच कर रही हैं।
जांच में जुटी पुलिस
फिलहाल पुलिस गोदाम मालिक, सप्लाई चेन, ट्रांसपोर्ट और पूरे नेटवर्क की जांच कर रही है। अनुमान है कि सिरप की यह खेप अवैध रूप से विभिन्न जिलों में सप्लाई की जा रही थी।









