मिर्जापुर। अहरौरा थाना क्षेत्र के इमलिया चट्टी चौकी अंतर्गत गुरुवार दोपहर करीब 3 बजे एक दर्दनाक हादसा हो गया, जिसमें 28 वर्षीय युवक की मौके पर ही मौत हो गई। घटना उस समय हुई जब भूडकुड़ा से इमलिया चट्टी की ओर जा रहा पुआल लदा ट्रैक्टर अतरौली गांव के पास पहुंचा। इसी दौरान ऊपर से गुजर रही बिजली की तार अचानक टूटकर पुआल पर गिर गई, जिससे ट्रैक्टर में आग लग गई।

अगल-बगल मौजूद ग्रामीण आग बुझाने में जुट गए। इसी दौरान अतरौली गांव निवासी आशुतोष सिंह (पुत्र रामशकल, उम्र 28 वर्ष) आग बुझाने में मदद कर रहे थे कि पुआल का जलता हुआ बड़ा हिस्सा अचानक उनके ऊपर गिर पड़ा। आशुतोष आग की चपेट में आकर गंभीर रूप से झुलस गए और मौके पर ही उनकी मौत हो गई।
स्थानीय लोगों ने तुरंत पानी डालकर आग पर काबू पाने की कोशिश की। सूचना मिलते ही अहरौरा थाना प्रभारी सदानंद सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और राहत व बचाव कार्य में जुट गए। कुछ ही देर बाद फायर ब्रिगेड की गाड़ी भी पहुंच गई, जिसने आग को पूरी तरह बुझा लिया।
घटना के दौरान ट्रैक्टर चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने ट्रैक्टर को कब्जे में लेकर थाने पहुंचा दिया। मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, आशुतोष सिंह की शादी पिछले वर्ष अहरौरा थाना क्षेत्र के महुली गांव में हुई थी। हादसे की सूचना मिलते ही पत्नी अंजू देवी और परिवार के अन्य सदस्य बिलख-बिलख कर रोने लगे। गांव में शोक की लहर व्याप्त है।









