Search
Close this search box.

चंदौली: “जीतने की मंशा और हौसला ही सबसे बड़ी ताकत है” पूर्व मध्य रेल इंटर कॉलेज में वार्षिक खेलकूद प्रतियोगिता 2025 का सफल समापन

चंदौली/डीडीयू नगर। पूर्व मध्य रेल इंटर कॉलेज, डीडीयू मंडल में आयोजित दो दिवसीय वार्षिक खेलकूद प्रतियोगिता 2025 का भव्य समापन गुरुवार को हुआ। समापन समारोह में मंडल रेल प्रबंधक उदय सिंह मीना मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। वरिष्ठ मंडल कार्मिक अधिकारी उज्ज्वल आनंद ने मुख्य अतिथि का स्वागत कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। समारोह की शुरुआत विद्यालय बैंड वादन तथा छात्र-छात्राओं द्वारा आकर्षक मार्च-पास्ट से हुई।

दो दिनों में बालक एवं बालिका वर्ग में 50 से अधिक प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया, जिनमें 50, 100, 200 मीटर दौड़, रिले रेस, गोला फेंक, ऊँची कूद, बिच्छू दौड़, आलू दौड़ और मिठाई दौड़ जैसी पारंपरिक व मनोरंजक स्पर्धाएँ शामिल रहीं। प्रतियोगिता में 200 से अधिक प्रतिभागियों ने उत्साह, ऊर्जा और अनुशासन के साथ भाग लिया।

कुल 167 विजेताओं को विभिन्न श्रेणियों में प्रथम, द्वितीय और तृतीय पुरस्कार से सम्मानित किया गया। ग्यारहवीं की छात्रा इंदु कुमारी और ग्यारहवीं के छात्र अनुराग कुमार को कॉलेज चैंपियन घोषित किया गया, जिनकी उपलब्धि ने पूरे विद्यालय का गौरव बढ़ाया।

मुख्य अतिथि श्री उदय सिंह मीना ने अपने संबोधन में कहा “जीतने से भी अधिक महत्वपूर्ण है भाग लेना। सबसे बड़ी बात है सहभागिता और खेल भावना।” उन्होंने बच्चों को निरंतर अभ्यास, टीमवर्क और अनुशासन अपनाने की प्रेरणा देते हुए कहा “जीतने की मंशा और हौसला ही सबसे बड़ी ताकत है।”

उन्होंने विद्यालय के खेल मैदान का नियमित उपयोग सुनिश्चित करने पर बल देते हुए कहा कि यह मैदान विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास का माध्यम है, “इसे प्रतिदिन खेल गतिविधियों से जीवंत रखें।” वार्षिक खेलकूद के सफल आयोजन की सराहना करते हुए श्री मीना ने विद्यालय टीम को ₹30,000 का सामूहिक पुरस्कार प्रदान किया।

कार्यक्रम के अंत में प्राचार्य शिव कुमार ने सभी अतिथियों, खिलाड़ियों, शिक्षक-शिक्षिकाओं एवं आयोजन समिति का आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर विभिन्न शाखा अधिकारी, शिक्षकगण, सेवानिवृत्त शिक्षक और पुरातन छात्र भी उपस्थित रहे तथा आयोजन की सफलता पर खुशी जताई।

संजय शर्मा
ब्यूरो, चंदौली

Leave a Comment

और पढ़ें