Search
Close this search box.

गाजीपुर: बिरनो पुलिस की देर रात मुठभेड़ में अंतरजनपदीय गो-तस्कर गिरफ्तार, दो जिंदा गोवंश व अवैध तमंचा बरामद

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

[responsivevoice_button voice="Hindi Female"]

गाजीपुर जनपद में अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना बिरनो पुलिस टीम ने बीती 15/16 दिसंबर 2025 की मध्यरात्रि मुठभेड़ के दौरान एक अंतर्जनपदीय गो-तस्कर को घायल अवस्था में गिरफ्तार किया, जबकि एक अन्य अभियुक्त को हिरासत में लिया गया। मौके से दो जिंदा गोवंश, एक अवैध तमंचा, खोखा कारतूस तथा बिना नंबर प्लेट की चारपहिया वाहन (अर्टिगा) बरामद की गई।

घटना का विवरण
जानकारी के अनुसार उप निरीक्षक रामप्रवेश यादव पुलिस टीम के साथ रात्रि गश्त व संदिग्ध व्यक्तियों/वाहनों की चेकिंग भवरहां नहर के पास कर रहे थे। इसी दौरान आज़मगढ़ की ओर से आती एक संदिग्ध चारपहिया वाहन दिखाई दी, जिसके दोनों साइड शीशों पर कपड़ा लगा हुआ था। पुलिस द्वारा रोकने का इशारा करने पर चालक ने वाहन की गति बढ़ा दी। सूचना मिलते ही त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने एनएचएआई प्लांट के पास वाहन को चारों ओर से घेर लिया।

अपने आप को घिरा देख वाहन सवार अभियुक्तों ने पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी। आत्मरक्षा में की गई जवाबी फायरिंग में एक अभियुक्त के दाहिने पैर में घुटने के नीचे गोली लग गई, जिसे घायल अवस्था में गिरफ्तार कर लिया गया। वहीं, एक अन्य अभियुक्त को मौके से हिरासत में लिया गया। अंधेरे का फायदा उठाकर दो अभियुक्त फरार हो गए, जिनकी गिरफ्तारी के लिए सघन तलाशी अभियान चलाया जा रहा है।

बरामदगी व कार्रवाई
वाहन की तलाशी में वध के लिए क्रूरतापूर्वक बांधे गए दो जिंदा गोवंश बरामद हुए। घायल अभियुक्त को मानवीय दृष्टिकोण अपनाते हुए तत्काल नजदीकी चिकित्सालय भेजा गया। थाना बिरनो पर सुसंगत धाराओं में अभियोग पंजीकृत कर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।

अभियुक्त की पहचान
घायल एवं गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान इमरान उर्फ भोदू पुत्र इरशाद, निवासी नोनहरा, थाना नोनहरा, जनपद गाज़ीपुर, उम्र लगभग 22 वर्ष के रूप में हुई है। अभियुक्त के विरुद्ध पूर्व में आर्म्स एक्ट, गौवध अधिनियम तथा पशु क्रूरता अधिनियम सहित कई गंभीर मामलों में विभिन्न थानों में मुकदमे दर्ज हैं।

पुलिस टीम
इस कार्रवाई में थानाध्यक्ष बिरनो अजय कुमार, उप निरीक्षक रामप्रवेश यादव, हेड कांस्टेबल धर्मेंद्र तिवारी एवं हेड कांस्टेबल प्रभात तिवारी सहित थाना बिरनो की पुलिस टीम मौजूद रही।

ब्यूरोचीफ: संजय यादव

Leave a Comment

और पढ़ें