वाराणसी कमिश्नरेट क्षेत्र के बनकट में मृतक राहुल मिश्रा के मामले को लेकर अब सामाजिक संगठनों में रोष बढ़ता जा रहा है। इस संबंध में युवा फाउंडेशन की राष्ट्रीय अध्यक्ष सीमा चौधरी ने प्रशासन को पत्र भेजकर कार्रवाई में हो रही देरी पर सवाल उठाए हैं और जल्द न्याय की मांग की है।
सीमा चौधरी ने बताया कि बनकट में हुई घटना अत्यंत निंदनीय है, जिसमें राहुल मिश्रा को आत्महत्या के लिए मजबूर किया गया। उन्होंने आरोप लगाया कि इस पूरे मामले में राहुल की पत्नी संध्या और उसके प्रेमी शुभम सिंह डेंजर की भूमिका सामने आई है। आत्महत्या से पहले राहुल मिश्रा ने वीडियो बनाकर पूरी घटना का उल्लेख भी किया था, जो इस मामले में अहम साक्ष्य है।
उन्होंने कहा कि पुलिस प्रशासन द्वारा अब तक संध्या और उसकी मां के खिलाफ तो कानूनी कार्रवाई की गई है, लेकिन मुख्य आरोपी बताए जा रहे संध्या के प्रेमी शुभम सिंह डेंजर पर अब तक कोई कार्रवाई नहीं की गई है। इससे यह स्पष्ट होता है कि मृतक को न्याय दिलाने में लापरवाही बरती जा रही है।
सीमा चौधरी ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि 48 घंटे के भीतर मुख्य आरोपी के खिलाफ ठोस कार्रवाई नहीं की गई, तो पीड़ित परिवार, आम जनमानस और विभिन्न सामाजिक संगठनों के साथ मिलकर शास्त्री घाट पर अनिश्चितकालीन धरना दिया जाएगा।
उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि मामले की निष्पक्ष जांच कर सभी दोषियों पर सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि पीड़ित परिवार को न्याय मिल सके और समाज में कानून के प्रति विश्वास बना रहे।









