Search
Close this search box.

मिर्जापुर: खदान पर निगरानी करने जा रहे मजदूर की पोकलेन की चपेट में आने से मौत, ग्रामीणों का हंगामा, मुआवजे के बाद हुआ समझौता

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

[responsivevoice_button voice="Hindi Female"]

मिर्जापुर: अहरौरा थाना क्षेत्र अंतर्गत मगन दीवाना पहाड़ी के समीप स्थित पत्थर खदान में एक दर्दनाक हादसे में खदान में मुंशी का काम करने वाले युवक की मौत हो गई। मृतक की पहचान जय हिंद यादव उर्फ गोलू (30 वर्ष) पुत्र मुन्ना, निवासी मुबारकपुर, चकिया (जनपद चंदौली) के रूप में हुई है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार जय हिंद यादव खदान में मुंशी के रूप में कार्यरत था। शुक्रवार की सुबह वह बाइक से खदान की ओर जा रहा था, तभी पास से गुजर रहे पोकलेन वाहन ने उसे जोरदार टक्कर मार दी, जिससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई।

घटना के बाद खदान संचालक के कर्मचारियों द्वारा शव को परिजनों को सूचना दिए बिना इलाज के बहाने कहीं ले जाने का प्रयास किया गया, जिससे आक्रोशित परिजन और ग्रामीण मौके पर जुट गए और हंगामा शुरू कर दिया। ग्रामीणों ने खदान संचालक को मौके पर बुलाने की मांग की और कार्रवाई की मांग पर अड़ गए।

सूचना मिलते ही एसडीएम चुनार, क्षेत्राधिकारी चुनार सहित तीन थानों की पुलिस फोर्स मौके पर पहुंची और भीड़ को शांत कराया। काफी देर तक चले हंगामे के बाद प्रशासन की मध्यस्थता में मामला शांत कराया गया।

थाना प्रभारी सदानंद सिंह ने बताया कि घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रण में लिया गया। खदान संचालक की ओर से मृतक की पत्नी के खाते में 25 लाख रुपये का मुआवजा जमा कराया गया है। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की कार्रवाई की जा रही है। फिलहाल क्षेत्र में शांति व्यवस्था कायम है।

वहीं, मौके पर पहुंचे पुलिस अधीक्षक सोमेन वर्मा ने बताया कि जिस खदान में हादसा हुआ है, उसे खदान संचालक द्वारा करीब छह माह पूर्व सोनभद्र के ओबरा निवासी व्यक्ति को ठेके पर दिया गया था। मृतक उसी के अधीन कार्यरत था। उन्होंने बताया कि तहरीर के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।

रिपोर्ट – अनुप कुमार

Leave a Comment

और पढ़ें