नई दिल्ली। मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (MCX) पर सोमवार सुबह सोने की कीमतों में हल्की तेजी देखने को मिली। शुरुआती कारोबार में सोना करीब 0.25 फीसदी की बढ़त के साथ 10 ग्राम के लिए 1,40,228 रुपये तक पहुंच गया। हालांकि यह तेजी ज्यादा देर तक टिक नहीं सकी।
दोपहर के कारोबार में सोने की कीमतों पर दबाव देखने को मिला। दोपहर करीब 1:30 बजे तक सोने के भाव में लगभग 1,400 रुपये यानी 1 फीसदी से अधिक की गिरावट दर्ज की गई। इसके बाद 10 ग्राम सोना फिसलकर 1,38,473 रुपये पर आ गया।
बाजार जानकारों के मुताबिक, वैश्विक संकेतों, डॉलर की मजबूती और मुनाफावसूली के चलते सोने की कीमतों में यह गिरावट देखने को मिली है। निवेशक फिलहाल अंतरराष्ट्रीय बाजारों के रुख और आगामी आर्थिक आंकड़ों पर नजर बनाए हुए हैं, जिससे आने वाले दिनों में सोने की चाल तय हो सकती है।









