गाजीपुर। विकासखंड मनिहारी स्थित बीआरसी (ब्लॉक रिसोर्स सेंटर) परिसर में मंगलवार को “हमारे आंगन हमारे बच्चे” कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में मनिहारी की सीडीपीओ कंचन यादव उपस्थित रहीं।

कार्यक्रम का शुभारंभ बच्चों द्वारा प्रस्तुत सरस्वती वंदना से हुआ। इसके बाद नन्हे-मुन्ने बच्चों ने गीत, नृत्य एवं नाट्य प्रस्तुतियों के माध्यम से अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। बच्चों की मनमोहक प्रस्तुतियों ने उपस्थित अतिथियों व अभिभावकों का मन मोह लिया और तालियों की गड़गड़ाहट से पूरा परिसर गूंज उठा।

इस अवसर पर खंड शिक्षा अधिकारी हेमंत कुमार ने कहा कि “हमारे आंगन हमारे बच्चे” कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य बच्चों को प्रारंभिक स्तर पर गुणवत्तापूर्ण शिक्षा से जोड़ना है। उन्होंने कहा कि बच्चों को बोझिल पढ़ाई के बजाय खेल-खेल में शिक्षा देना आवश्यक है, जिससे उनका मानसिक, शारीरिक और बौद्धिक विकास बेहतर ढंग से हो सके।
वहीं सीडीपीओ कंचन यादव ने अपने संबोधन में कहा कि आंगनबाड़ी केंद्र बच्चों की पहली पाठशाला होते हैं। यहां बच्चों को पोषण के साथ-साथ संस्कार और प्रारंभिक शिक्षा दी जाती है। ऐसे कार्यक्रम बच्चों में आत्मविश्वास बढ़ाने के साथ-साथ अभिभावकों को भी शिक्षा के प्रति जागरूक करते हैं।
कार्यक्रम के दौरान शिक्षा से जुड़े विभिन्न नवाचारों, आंगनबाड़ी केंद्रों की भूमिका, बच्चों के सर्वांगीण विकास तथा सरकार द्वारा संचालित योजनाओं की जानकारी भी दी गई। अंत में अतिथियों ने बच्चों की प्रतिभा की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की और कार्यक्रम को सफल बनाने में लगे सभी लोगों का आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम का संचालन अध्यापक ओम प्रकाश ने किया। इस अवसर पर अनिल सिंह कुशवाहा, संतोष सिंह कुशवाहा, वीरेंद्र यादव, शौकत अली, अखिलानंद यादव सहित सैकड़ों शिक्षक, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता एवं अभिभावक उपस्थित रहे।
रिपोर्ट – उमेश यादव









