गाजीपुर। अखिल भारतीय कायस्थ महासभा गाजीपुर के तत्वावधान में महासभा के जिलाध्यक्ष अरुण कुमार श्रीवास्तव के चंदन नगर स्थित आवास पर महान गीतकार, कवि और साहित्यकार गोपाल दास नीरज जी की जयंती के अवसर पर माल्यार्पण कार्यक्रम एवं विचार गोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में उपस्थित पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने नीरज जी के चित्र पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।
इस अवसर पर जिलाध्यक्ष अरुण कुमार श्रीवास्तव ने गोपाल दास नीरज के व्यक्तित्व एवं कृतित्व पर विस्तार से प्रकाश डालते हुए कहा कि नीरज जी हिंदी साहित्य के साथ-साथ फिल्मी गीत लेखन के क्षेत्र में भी एक महान हस्ती थे। उन्होंने शिक्षा, साहित्य और संस्कृति के क्षेत्र में अमूल्य योगदान दिया। नीरज जी ऐसे पहले साहित्यकार थे जिन्हें शिक्षा और साहित्य के क्षेत्र में दो-दो बार पद्मश्री और पद्मभूषण से सम्मानित किया गया। फिल्मी गीत लेखन के लिए उन्हें तीन बार फिल्मफेयर पुरस्कार भी मिला।
उन्होंने बताया कि समाजवादी पार्टी की सरकार के दौरान गोपाल दास नीरज को भाषा संस्थान का अध्यक्ष नामित कर कैबिनेट मंत्री का दर्जा दिया गया था और उन्हें यश भारती सम्मान से भी नवाजा गया। जिलाध्यक्ष ने कहा कि नीरज जी की रचनाओं का संसार इतना विशाल है कि उनके चाहने वाले उन्हें सदैव अपने दिलों में जीवित रखेंगे।
कार्यक्रम में मोहनलाल, अनूप श्रीवास्तव, अश्विनी श्रीवास्तव, सुधांशु, चन्द्र प्रकाश श्रीवास्तव, मनीष श्रीवास्तव, हिमांशु, प्रियांशु, हर्ष, आर्यन, मेघा सहित कई लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन अरुण सहाय ने किया।
ब्यूरो चीफ, गाजीपुर
संजय यादव









