गाजीपुर। भारत निर्वाचन आयोग द्वारा विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान के अंतर्गत 1 जनवरी 2026 को अर्हता प्राप्त करने वाले नवीन मतदाताओं के पंजीकरण एवं मतदान जागरूकता को लेकर जनपद स्तरीय कार्यक्रम का आयोजन मंगलवार को राजकीय महिला पीजी कॉलेज, गाजीपुर में किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में छात्राओं की सहभागिता देखने को मिली।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि उप जिला निर्वाचन अधिकारी/अपर जिलाधिकारी (वि./रा.) दिनेश कुमार एवं महाविद्यालय की प्राचार्य प्रो. अनिता कुमारी ने दीप प्रज्वलन, सरस्वती प्रतिमा पर माल्यार्पण तथा फीता काटकर किया। कार्यक्रम संयोजक डॉ. शिवकुमार ने जनपद स्तरीय अधिकारियों, निर्वाचन विभाग के कार्मिकों एवं छात्राओं का स्वागत किया।
विषय प्रवर्तन करते हुए राजनीति विज्ञान विभाग के सहायक प्रोफेसर डॉ. राजेश कुमार यादव ने भारतीय लोकतंत्र में मतदान के महत्व पर प्रकाश डालते हुए मतदाता सूची में नाम दर्ज कराना अनिवार्य बताया।
इससे पूर्व अपर जिलाधिकारी दिनेश कुमार ने राष्ट्रीय सेवा योजना के निर्वाचन साक्षरता क्लब द्वारा स्थापित मतदाता पंजीकरण स्टॉल का उद्घाटन किया। उन्होंने छात्राओं से अधिक से अधिक लोगों को मतदाता बनने के लिए प्रेरित करने का आह्वान किया। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि भारत एक लोकतांत्रिक देश है, जहां मतदान प्रत्येक नागरिक का मौलिक अधिकार है। शत-प्रतिशत मतदान से ही एक सशक्त और विकसित राष्ट्र का निर्माण संभव है।
उन्होंने बताया कि जनपद में विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान 6 जनवरी 2026 से 6 फरवरी 2026 तक संचालित किया जा रहा है। इस दौरान मतदाता सूची में नाम जोड़ने, हटाने, संशोधन कराने तथा एक ही विधानसभा क्षेत्र के भीतर नाम स्थानांतरण की सुविधा उपलब्ध है। इसके लिए फॉर्म-6, प्रवासी भारतीयों हेतु फॉर्म-6क, नाम हटाने के लिए फॉर्म-7, संशोधन के लिए फॉर्म-8 एवं स्थानांतरण के लिए फॉर्म-8क का उपयोग किया जा सकता है। ऑफलाइन आवेदन के लिए विशेष तिथियों में बीएलओ अथवा संबंधित अधिकारियों से संपर्क किया जा सकता है।
उप जिलाधिकारी सदर रवीश कुमार गुप्ता ने छात्राओं को मतदाता पंजीकरण की प्रक्रिया विस्तार से समझाई। उन्होंने बताया कि 1 जनवरी 2026 को 18 वर्ष की आयु पूर्ण करने वाला प्रत्येक भारतीय नागरिक मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने का पात्र है। साथ ही दावे एवं आपत्तियों की प्रक्रिया व समय-सीमा की जानकारी भी दी।
कार्यक्रम के दौरान मुख्य अतिथि दिनेश कुमार ने उपस्थित छात्राओं एवं नागरिकों को मतदाता शपथ दिलाई। उन्होंने बताया कि 6 जनवरी को निर्वाचन नामावलियों का प्रारंभिक प्रकाशन हो चुका है, जबकि 6 फरवरी तक दावे व आपत्तियां प्राप्त की जाएंगी। इनके निस्तारण एवं सुनवाई 27 फरवरी तक पूर्ण की जाएगी तथा अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन 6 मार्च 2026 को किया जाएगा।
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए प्राचार्य प्रो. अनिता कुमारी ने महिला एवं युवा मतदाताओं से लोकतंत्र को मजबूत करने में सक्रिय भूमिका निभाने की अपील की। उन्होंने कहा कि आधी आबादी की भागीदारी से ही लोकतांत्रिक प्रक्रिया और अधिक सशक्त बन सकती है।
कार्यक्रम में महाविद्यालय की 200 से अधिक छात्राएं उपस्थित रहीं। संचालन डॉ. निरंजन कुमार ने किया। इस अवसर पर मुख्य शास्ता डॉ. सारिका सिंह, एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी डॉ. नेहा कुमारी, डॉ. मनीष केसरवानी, डॉ. गजनफर सईद, सहायक निर्वाचन अधिकारी श्रीदेवी प्रसाद सिंह, अतुल सिंह सहित राजस्व एवं निर्वाचन विभाग के अनेक अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
ब्यूरो चीफ: गाज़ीपुर — संजय यादव









