वाराणसी। कैंट रेलवे स्टेशन पर जीआरपी और आरपीएफ की संयुक्त टीम ने वन्यजीव तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी युवक आठ बैगों में भरकर 350 तोतों को लेकर पश्चिम बंगाल जा रहा था।
पकड़े गए युवक ने पूछताछ में अपना नाम मो. जाहिद बताया है। वह पश्चिम बंगाल के वर्द्धमान जिले का निवासी है। पुलिस को पहले से सूचना मिली थी कि ट्रेन के माध्यम से वन्यजीवों की तस्करी की जा रही है।
सूचना के आधार पर जीआरपी और आरपीएफ की टीम ने अमृतसर–हावड़ा एक्सप्रेस की सघन जांच की। जांच के दौरान संदिग्ध युवक को रोका गया, जिसके बैगों की तलाशी लेने पर उनमें बड़ी संख्या में तोते बरामद हुए।
पुलिस के अनुसार आरोपी अमेठी से तोतों को लेकर चला था और वाराणसी होते हुए पटना के रास्ते पश्चिम बंगाल जा रहा था। बरामद सभी तोतों को जब्त कर लिया गया है।
फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि तस्करी के इस नेटवर्क में और कौन-कौन लोग शामिल हैं। वन विभाग को भी मामले की सूचना दे दी गई है और आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।








