Search
Close this search box.

वाराणसी: उचक्का ले भागा था मुम्बई की महिला सॉफ्टवेयर इंजीनियर का मोबाइल, लापरवाही पर अस्सी चौकी इंचार्ज सस्पेंड

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

[responsivevoice_button voice="Hindi Female"]

वाराणसी। भेलूपुर थाना क्षेत्र के अस्सी घाट पर मुंबई की एक महिला सॉफ्टवेयर इंजीनियर का मोबाइल छिनने के मामले में लापरवाही बरतने पर अस्सी चौकी प्रभारी को निलंबित कर दिया गया है। एसीपी की जांच रिपोर्ट के बाद यह कार्रवाई की गई।

मुंबई निवासी सॉफ्टवेयर इंजीनियर अंकिता 30 दिसंबर को अपने परिवार के साथ काशी भ्रमण पर आई थीं। अस्सी घाट पर घूमने के दौरान एक उचक्का उनका करीब दो लाख रुपये कीमत का आईफोन छीनकर फरार हो गया। घटना की सूचना अंकिता ने तत्काल अस्सी पुलिस चौकी को दी। पुलिस ने गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कर ली, लेकिन इसके बाद मामले में सक्रियता नहीं दिखाई।

कीमती मोबाइल खोने से परेशान अंकिता ने मुंबई लौटने के बाद अपने सहयोगियों की मदद से मोबाइल को ट्रेस किया। मोबाइल की लोकेशन चांदपुर क्षेत्र में मिली। अंकिता पुलिस को लेकर मौके पर पहुंचीं, लेकिन वहां केवल औपचारिक कार्रवाई कर पुलिस लौट गई।

इसके बाद अंकिता ने खुद प्रयास जारी रखते हुए रात करीब दो बजे दोबारा उसी लोकेशन पर पहुंचकर मकान मालिक से कमरा खुलवाया। कमरे की तलाशी में वहां 12 चोरी के मोबाइल बरामद हुए, जिनमें अंकिता का मोबाइल भी शामिल था। मकान मालिक ने बताया कि कमरा एक व्यक्ति को किराये पर दिया गया था, जो मोबाइल चोरी की घटना के बाद से गायब है।

मामले की जानकारी उच्च अधिकारियों को मिलने पर जांच कराई गई। एसीपी भेलूपुर गौरव कुमार की जांच में अस्सी चौकी प्रभारी रोहित त्रिपाठी की गंभीर लापरवाही सामने आई। इसके बाद डीसीपी काशी जोन गौरव वंशवाल ने चौकी प्रभारी को निलंबित कर दिया।

Leave a Comment

और पढ़ें