हरदोई। जनपद हरदोई में जिलाधिकारी अनुनय झा और पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार मीणा ने बिलग्राम क्षेत्र स्थित गंगा राजघाट माघ मेले का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने मकर संक्रांति के अवसर पर होने वाले शाही स्नान को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने को लेकर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने मेला स्थल पर की गई व्यवस्थाओं का जायजा लिया। साफ-सफाई, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था, यातायात और सुरक्षा इंतजामों की समीक्षा करते हुए जहां-जहां कमियां पाई गईं, उन्हें तत्काल दूर करने के निर्देश दिए गए। मेला क्षेत्र में विद्युत आपूर्ति से जुड़ी समस्या पर जिलाधिकारी ने 24 घंटे के भीतर समाधान कराने का आश्वासन दिया।
पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार मीणा ने मेला क्षेत्र में तैनात पुलिस बल और प्रभारी निरीक्षक को सुरक्षा व्यवस्था और अधिक मजबूत रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
प्रशासन ने स्पष्ट किया कि मकर संक्रांति के शाही स्नान के दौरान भीड़ प्रबंधन, यातायात व्यवस्था और कानून-व्यवस्था पर विशेष नजर रखी जाएगी, ताकि श्रद्धालु सुरक्षित और शांतिपूर्ण ढंग से स्नान कर सकें।
रिपोर्ट- ओमजीत यादव









