सोनभद्र। कड़ाके की ठंड को देखते हुए प्रयास फाउंडेशन के तत्वावधान में जनपद सोनभद्र के सिंदूर गांव में एक वृहत कंबल वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य ठंड से प्रभावित जरूरतमंद, असहाय एवं गरीब परिवारों को राहत प्रदान करना रहा।
कार्यक्रम के दौरान प्रयास फाउंडेशन के सदस्यों द्वारा गांव के दिव्यांगजन, वृद्ध, महिलाएं एवं अन्य जरूरतमंद लोगों को कंबल वितरित किए गए। कंबल पाकर ग्रामीणों के चेहरों पर खुशी और संतोष साफ झलकता नजर आया। स्थानीय लोगों ने इस मानवीय पहल के लिए प्रयास फाउंडेशन का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम को सफल बनाने में मकरा के प्रधान राम सजीवन साहनी सहित कई ग्रामीणों का सराहनीय सहयोग रहा।
इस अवसर पर प्रयास फाउंडेशन के संस्थापक एवं समाजसेवी दिलीप कुमार दुबे ने कहा कि समाज के कमजोर वर्गों की सेवा करना ही संस्था का मुख्य उद्देश्य है और भविष्य में भी ऐसे जनकल्याणकारी कार्यक्रम लगातार आयोजित किए जाते रहेंगे। वहीं संस्था की ओर से सीताराम महतो ने स्वास्थ्य एवं सुरक्षा से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी भी दी।
कार्यक्रम में आनंद सिंह, वंदना दुबे, रानी सिंह समेत अन्य सदस्य उपस्थित रहे। आयोजन के दौरान लगभग 80 कंबल वितरित किए गए, वहीं करीब 100 बच्चों एवं वृद्धजनों को बिस्कुट व केला भी वितरित किया गया।
बताया गया कि इस अभियान के लिए संस्था से जुड़े रक्तदाताओं ने भी आर्थिक सहयोग किया, जो जरूरत पड़ने पर अपना अमूल्य रक्तदान करते रहते हैं। यह कंबल वितरण चार चरणों में मकरा, कुँवारी, लभरी एवं सिंदूर गांवों में किया गया। कार्यक्रम के सफल आयोजन में फाउंडेशन के कार्यकर्ताओं एवं स्थानीय ग्रामीणों का उल्लेखनीय योगदान रहा।








