वाराणसी। वाराणसी मंडल में 31 जनवरी 2026 को सेवानिवृत्त होने वाले विभिन्न विभागों के 25 कर्मचारियों को आज मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय स्थित प्रेमचंद सभागार में उनके समापक धनराशि का भुगतान किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता मंडल रेल प्रबंधक आशीष जैन ने की, जबकि आयोजन सहायक मंडल कार्मिक अधिकारी राम सिंह के नेतृत्व में संपन्न हुआ।

इस अवसर पर वरिष्ठ मंडल वित्त प्रबंधक राजेश कुमार, सहायक मंडल कार्मिक अधिकारी राम सिंह, यूनियन के पदाधिकारी सहित लेखा एवं कार्मिक विभाग के अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे। मंडल रेल प्रबंधक आशीष जैन ने अपने संबोधन में सेवानिवृत्त कर्मचारियों की लंबी एवं उत्कृष्ट सेवाओं के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सेवानिवृत्ति के बाद भी किसी प्रकार की समस्या होने पर मंडल कार्यालय उनके लिए सदैव उपलब्ध रहेगा। उन्होंने सभी सेवानिवृत्त कर्मचारियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उन्हें परिवार और समाज के लिए समय देने की प्रेरणा दी।
उन्होंने यह भी बताया कि कार्मिक विभाग की लगन और मेहनत से सेवानिवृत्ति के दिन ही रिक्त हुए 9 पदों पर वरिष्ठता के आधार पर पात्र कर्मचारियों को पदोन्नति पत्र जारी किए गए। इसके अंतर्गत सुरेन्द्र यादव, प्रमोद कुमार रजक, मनोज कुमार, छोटे लाल साह, शशि दत्त, विजय प्रसाद, प्रदीप कुमार, राकेश गुप्ता एवं हरिकेश चौरसिया को विभिन्न पदों पर पदोन्नति दी गई।
कार्यक्रम में अपर मंडल रेल प्रबंधक द्वारा सेवानिवृत्त कर्मचारियों को सेवा मेडल, पीपीओ, मेडिकल कार्ड प्रदान कर माला पहनाई गई और उनके आगामी जीवन के लिए शुभकामनाएं दी गईं। इससे पूर्व वरिष्ठ मंडल वित्त प्रबंधक राजेश कुमार ने सेवानिवृत्त कर्मचारियों को सम्मानित करते हुए उनके दस्तावेजों, पेंशन एवं अन्य लाभों की जानकारी विस्तार से दी।
31 जनवरी 2026 को वाराणसी मंडल से कुल 25 कर्मचारी सेवानिवृत्त हुए, जिनमें विभिन्न स्टेशनों और विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी शामिल थे।








