चन्दौली। सनबीम स्कूल मुगलसराय के मेधावी छात्र शशांक मौर्या ने प्रतिष्ठित आईआईटी-जेईई मेंस (IIT JEE Mains) परीक्षा में टॉप कर क्षेत्र, विद्यालय तथा अपने परिवार का नाम रोशन किया है। उनकी इस उपलब्धि से विद्यालय परिवार में हर्ष का माहौल है और यह अन्य विद्यार्थियों के लिए प्रेरणा का स्रोत बनी है।

शशांक ने अपनी सफलता का श्रेय अपने परिवार और शिक्षकों को देते हुए कहा कि कुशल मार्गदर्शन एवं निरंतर अभ्यास ने उन्हें यह मुकाम दिलाया। उन्होंने बताया कि अनुशासन और नियमित अध्ययन उनकी सफलता की कुंजी रहे।
शशांक की शैक्षणिक उपलब्धियां प्रारंभ से ही उल्लेखनीय रही हैं। वे कक्षा 10 में जिला टॉपर रह चुके हैं तथा गणित ओलंपियाड में भी शीर्ष स्थान प्राप्त कर अपनी प्रतिभा का परिचय दे चुके हैं। उनकी यह नवीन सफलता उनके कठोर परिश्रम, लक्ष्य के प्रति समर्पण और शिक्षकों के सतत मार्गदर्शन का परिणाम मानी जा रही है।
विद्यालय प्रशासन ने कहा कि शशांक ने अनुशासन, लगन और निरंतर अभ्यास के बल पर यह मुकाम हासिल किया है, जो अन्य विद्यार्थियों को भी उत्कृष्टता की दिशा में प्रेरित करेगा।
इस अवसर पर विद्यालय की प्राचार्या सौमिता चटर्जी ने शशांक को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। विद्यालय की डायरेक्टर श्वेता कानूडिया ने कहा, “शशांक की यह उपलब्धि न केवल उनकी प्रतिभा, परिश्रम और दृढ़ संकल्प का प्रमाण है, बल्कि विद्यालय के शिक्षकों के समर्पित मार्गदर्शन तथा अभिभावकों के सतत सहयोग का भी परिणाम है।”
कार्यक्रम में विद्यालय के डीन उदय भानु रॉय, उप प्रधानाचार्य राम प्रताप सिंह, हेड पेस्टोरल गाइड गुंजन सिंह एवं शिक्षकगण उपस्थित रहे।
रिपोर्ट: संजय शर्मा, ब्यूरो चन्दौली









