गाजीपुर । जनपद के थाना सादात की साइबर हेल्प डेस्क ने त्वरित कार्रवाई करते हुए साइबर ठगी के शिकार एक व्यक्ति को राहत दिलाई है। पुलिस की सक्रियता से पीड़ित संदीप यादव के खाते से ठगे गए 5 हजार रुपये सफलतापूर्वक वापस करा दिए गए। पुलिस के अनुसार शिकायत प्राप्त होते ही साइबर हेल्प डेस्क ने मामले को गंभीरता से लेते हुए एमआरएम (Money Return Mechanism) पोर्टल के माध्यम से आवश्यक कार्रवाई शुरू की।
संबंधित बैंक और तकनीकी प्रक्रिया पूरी होने के बाद पूरी धनराशि पीड़ित के खाते में वापस कर दी गई। इस सराहनीय कार्रवाई में उपनिरीक्षक मनोज कुमार सिंह, कांस्टेबल राघवेन्द्र त्रिपाठी तथा रिक्रूट कांस्टेबल विशाल दिनेश गुप्ता की महत्वपूर्ण भूमिका रही। रुपये वापस मिलने पर संदीप यादव ने गाजीपुर पुलिस एवं साइबर हेल्प डेस्क का आभार व्यक्त करते हुए पुलिस की तत्परता की सराहना की।
पुलिस ने आमजन से अपील की कि यदि वे किसी भी प्रकार की साइबर ठगी का शिकार हों तो बिना देर किए राष्ट्रीय हेल्पलाइन नंबर 1930 या साइबर क्राइम पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराएं, जिससे समय रहते धनराशि वापस कराई जा सके।
ब्यूरो गाजीपुर संजय यादव।









