वाराणसी। बनारस रेल इंजन कारखाना (बरेका) के खेलकूद स्टेडियम में 18 फरवरी 2026 को 18वीं अखिल भारतीय रेलवे हैंडबॉल प्रतियोगिता (पुरुष/महिला) 2025-26 का भव्य शुभारंभ किया गया।
मुख्य अतिथि प्रमुख मुख्य विद्युत इंजीनियर एवं अध्यक्ष, बरेका खेल संघ सुशील कुमार श्रीवास्तव ने शांति, एकता और खेल भावना के प्रतीक रंग-बिरंगे गुब्बारों को आकाश में उड़ाकर प्रतियोगिता का उद्घाटन किया। इसके पश्चात उन्होंने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर उनका उत्साहवर्धन किया। अपने संबोधन में उन्होंने खेल भावना, अनुशासन और टीम वर्क के महत्व पर प्रकाश डाला।
प्रतिभागी टीमें
पुरुष वर्ग:
उत्तर रेलवे, पूर्वोत्तर रेलवे, बनारस रेल इंजन कारखाना, पश्चिम रेलवे, दक्षिण मध्य रेलवे, रेलवे सुरक्षा बल, उत्तर पश्चिम रेलवे, दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे, रेलवे बोर्ड, पटियाला लोकोमोटिव वर्क्स।
महिला वर्ग:
उत्तर रेलवे, पूर्वोत्तर रेलवे, दक्षिण मध्य रेलवे, दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे, मध्य रेलवे, पश्चिम रेलवे। यह प्रतियोगिता 18 से 21 फरवरी 2026 तक बरेका खेलकूद स्टेडियम में आयोजित की जा रही है, जिसमें भारतीय रेलवे की टीमें अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगी।
उद्घाटन मुकाबले के परिणाम
पुरुष वर्ग का उद्घाटन मैच बनारस रेल इंजन कारखाना और दक्षिण मध्य रेलवे के बीच खेला गया, जिसमें बरेका की टीम ने दक्षिण मध्य रेलवे को 19-13 से हराकर शानदार जीत दर्ज की।
महिला वर्ग में पहला मैच उत्तर रेलवे और दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के बीच हुआ, जिसमें दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे ने 24-16 से विजय प्राप्त की। मैच के दौरान दर्शकों ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए वातावरण को रोमांचक बनाए रखा।
इस अवसर पर प्रमुख मुख्य इंजीनियर शैलेंद्र कुमार सिंह, मुख्य यांत्रिक इंजीनियर (उत्पादन एवं विपणन) एवं महासचिव, बरेका खेल संघ सुनील कुमार, क्रीड़ा अधिकारी धनंजय सिंह, संयुक्त सचिव कर्मचारी परिषद प्रदीप कुमार यादव सहित अन्य अधिकारी, कर्मचारी एवं खेलप्रेमी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन राकेश कुमार पाण्डेय ने किया।








