Search
Close this search box.

वाराणसी: जर्जर कुआं बना जानलेवा खतरा, कई मौतों के बाद भी नहीं हुई कार्रवाई

वाराणसी। मंडुवाडीह थाना क्षेत्र अंतर्गत चांदपुर इलाके में जीटी रोड किनारे स्थित एक निजी, लगभग 130 फुट गहरा पुराना जर्जर कुआं लोगों के लिए जानलेवा साबित हो रहा है। स्थानीय लोगों के अनुसार यह कुआं काफी समय से खुला और असुरक्षित अवस्था में पड़ा है, जिससे लगातार हादसे हो रहे हैं।

बताया गया कि दो दिन पूर्व एक तीन वर्षीय बालक खेलते समय अचानक कुएं में गिर गया, जिससे उसकी डूबकर मौत हो गई। घटना की जानकारी होने तक बच्चे की जान जा चुकी थी। इससे पहले भी पिछले एक महीने में एक पुरुष, एक महिला तथा गाय-बकरी के कुएं में गिरने से मौत होने की बात सामने आई है।

ग्रामीणों का कहना है कि ग्राम प्रधान और क्षेत्रीय प्रशासन को कई बार लिखित प्रार्थना पत्र देकर कुएं को ढकने या सुरक्षित कराने की मांग की गई, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है। लोगों का आरोप है कि एक व्यक्ति द्वारा निजी रंजिश के चलते कुएं को ढकने के प्रयासों का विरोध किया जा रहा है और गांव वालों को डराया-धमकाया जा रहा है।

स्थानीय निवासियों ने प्रशासन से मांग की है कि जनहित को देखते हुए तत्काल प्रभाव से कुएं को सुरक्षित ढका जाए, ताकि भविष्य में किसी और की जान न जाए।

उल्लेखनीय है कि वाराणसी के अन्य क्षेत्रों में जर्जर और खुले कुओं को प्रशासनिक सहयोग से बंद या सुरक्षित किया जा चुका है, लेकिन चांदपुर का यह कुआं अभी भी खुला और खतरनाक स्थिति में बना हुआ है।

रिपोर्ट: अशोक कुमार गुप्ता

Leave a Comment

और पढ़ें