वाराणसी। कचहरी परिसर को बम से उड़ाने की लगातार मिल रही ईमेल धमकियों से हड़कंप मच गया है। दीवानी परिसर को निशाना बनाने और वरिष्ठ अधिवक्ता श्री नाथ त्रिपाठी को जान से मारने की धमकी मिलने के बाद अधिवक्ताओं और आम नागरिकों में भय का माहौल है। बताया जा रहा है कि धमकी भरे संदेश ईमेल के माध्यम से भेजे गए हैं, जिससे सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।
अधिवक्ता राजीव कुमार सिंह ने प्रशासन की कार्यप्रणाली पर चिंता जताते हुए कहा कि आए दिन मिल रही इन धमकियों के बावजूद अब तक किसी संदिग्ध व्यक्ति की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है। उन्होंने कचहरी परिसर की सुरक्षा व्यवस्था को और सख्त करने की मांग की है।
उन्होंने सुझाव दिया कि कचहरी के चारों गेटों पर कड़ी चेकिंग की जाए और आने-जाने वाले प्रत्येक व्यक्ति का आईडी कार्ड, आधार कार्ड तथा अधिवक्ताओं का सीओपी (COP) कार्ड अनिवार्य रूप से जांचा जाए। साथ ही संदिग्ध व्यक्तियों पर विशेष नजर रखने और सुरक्षा बलों की तैनाती बढ़ाने की भी मांग की गई है।
गौरतलब है कि पूर्व में भी कचहरी परिसर में बम धमाका हो चुका है, जिसमें कई लोगों की जान जा चुकी है, जिनमें अधिवक्ता भी शामिल थे। ऐसे में अधिवक्ताओं का कहना है कि प्रशासन को इस बार किसी भी प्रकार का जोखिम नहीं लेना चाहिए। फिलहाल पुलिस प्रशासन मामले की जांच में जुटा हुआ है।
इसी बीच अधिवक्ता राजीव कुमार सिंह ने होली के पावन अवसर पर क्षेत्रवासियों को हार्दिक शुभकामनाएं एवं बधाई दी है।









