हरदोई। कोतवाली शहर क्षेत्र में ट्रैक्टर-ट्रॉली चोरी की घटना का पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया, जबकि मामले में शामिल एक बाल अपचारी को विधिक प्रावधानों के तहत संरक्षण में लिया गया है।
घटना 24 फरवरी 2026 की है। कोतवाली शहर थाने में विमलेश कुमार गुप्ता ने शिकायत दर्ज कराई थी कि अज्ञात चोर उनका ट्रैक्टर-ट्रॉली चोरी कर ले गए हैं। तहरीर के आधार पर पुलिस ने अज्ञात के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 303(2) के तहत मुकदमा संख्या 132/26 दर्ज किया। जांच के दौरान प्राप्त साक्ष्यों के आधार पर धारा 317(2) भी बढ़ाई गई।
शिकायत के बाद पुलिस ने क्षेत्र में सक्रियता बढ़ाते हुए संदिग्ध व्यक्तियों की तलाश शुरू की। सर्विलांस टीम और स्थानीय सूचना तंत्र की मदद से पुलिस को अहम सुराग मिले। इसी क्रम में पुलिस ने सत्यम पुत्र प्रेमपाल वर्मा निवासी आशानगर, कोतवाली शहर को चोरी किए गए ट्रैक्टर-ट्रॉली के साथ गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ के दौरान आरोपी ने एक बाल अपचारी की संलिप्तता स्वीकार की। पुलिस ने उसे नियमानुसार बाल संरक्षण प्रक्रिया के तहत अभिरक्षा में लिया है। बरामद ट्रैक्टर-ट्रॉली को कब्जे में लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
इस कार्रवाई में लखनऊ चुंगी पुलिस चौकी प्रभारी वासु सिंह के नेतृत्व में उपनिरीक्षक वासु कुमार, हेड कांस्टेबल बाबर अली, कांस्टेबल रांकु चौधरी और कांस्टेबल अभिषेक त्यागी की अहम भूमिका रही। स्थानीय लोगों ने पुलिस की त्वरित कार्रवाई की सराहना की है। अधिकारियों का कहना है कि क्षेत्र में चोरी और अन्य आपराधिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा।
रिपोर्ट- ओमजीत यादव
उजाला संचार न्यूज









