Search
Close this search box.

सोनभद्र: करारी गांव में मना चंद्रशेखर आजाद का बलिदान दिवस

सोनभद्र। शहीद स्थल प्रबंधन ट्रस्ट करारी के तत्वावधान में करारी गांव स्थित शहीद स्थल पर अमर शहीद चंद्रशेखर आजाद के शहादत दिवस पर शुक्रवार सुबह विविध सांस्कृतिक एवं साहित्यिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि समाजसेवी कमलेश खांबे ने तिरंगा ध्वज फहराया। राष्ट्रगान के पश्चात जयकारों के बीच शहीदों की प्रतिमा पर माल्यार्पण और दीपदान कर कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ किया गया।

चंदौली से आए कवि शिवदास ने अध्यक्षता करते हुए “लहर रहा है गगनांगन में हिंदुस्तानी शान, तिरंगा पर हो जा कुरबान” कविता सुनाकर देशभक्ति का जोश भर दिया। संचालन करते हुए अशोक तिवारी ने अपनी गजलों और शायरी से श्रोताओं को मंत्रमुग्ध किया। सोन संगीत फाउंडेशन के सुशील मिश्रा ने देशभक्ति एवं देवी गीतों की सस्वर प्रस्तुति दी, जबकि धर्मेश चौहान ने “बड़ा ही सुंदर, बड़ा ही मनहर अपना हिंदुस्तान” सुनाकर भारत माता को नमन किया।

ओज कवि प्रभात सिंह चंदेल ने “लहू से ललाट पर हिंदुस्तान लिख देना” कविता पाठ कर श्रोताओं में राष्ट्रभाव जगाया। सुधाकर पांडेय ‘स्वदेश प्रेम’ ने “तिरंगे में सजे अर्थी, बजे धुन राष्ट्र गीतों की…” सुनाकर मादरे हिंद को श्रद्धांजलि अर्पित की। गीतकार दिलीप सिंह दीपक ने “चंद सिक्कों के खातिर तुम अपना ईमान मत बेचो” के माध्यम से सामाजिक व्यवस्था पर कटाक्ष किया।

संयोजक प्रदुम्न त्रिपाठी ने “काश लहू का इक-इक कतरा भारत मां के काम आए” सुनाकर राष्ट्र वंदना की तथा आभार व्यक्त किया। जयराम सोनी और सुनील चौचक की हास्य कविताओं ने कार्यक्रम में हल्के-फुल्के ठहाके भी बिखेरे।

सभी अतिथियों का अंगवस्त्र, पगड़ी, लेखनी, पुस्तिका एवं माल्यार्पण कर सम्मान किया गया। मुख्य अतिथि कमलेश खांबे ने अपने संबोधन में चंद्रशेखर आजाद के व्यक्तित्व एवं कृतित्व पर विस्तृत प्रकाश डाला। इस अवसर पर बच्चों द्वारा भी सरस सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी गईं।

कार्यक्रम में रामयश त्रिपाठी, पुरुषोत्तम कुशवाहा, शिवमोचन, फारुख अली हाश्मी, बृज किशोर, देव पांडेय, त्रिभुवन नाथ त्रिपाठी, शिखा, अंशिका, आद्या, साहित्य, ऋषभ त्रिपाठी, शिवम सहित अनेक गणमान्यजन उपस्थित रहे।

Leave a Comment

और पढ़ें