बलिया। मंडल रेल प्रबंधक आशीष जैन ने 26 फरवरी 2026 को मंडलीय अधिकारियों के साथ अमृत भारत स्टेशन योजना के अंतर्गत बलिया स्टेशन पर चल रहे पुनर्विकास एवं यात्री सुविधा कार्यों का गहन निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को कार्य में तेजी लाने तथा गुणवत्ता के साथ समयबद्ध ढंग से कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए।

निरीक्षण स्पेशल से बलिया पहुंचने के बाद श्री जैन ने पैदल उपरिगामी पुल का अवलोकन करते हुए प्लेटफॉर्म संख्या-4 पर चल रहे निर्माण कार्यों का जायजा लिया। साथ ही प्लेटफॉर्म संख्या-1 पर स्थित यात्री सुविधाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने सेकेंड एंट्री भवन निर्माण, आगमन/प्रस्थान लाउंज, वेटिंग एरिया, ग्रीन पार्क, प्रस्तावित रेल कोच रेस्टोरेंट साइट, सर्कुलेटिंग एरिया विस्तार, बुकिंग कार्यालय, 12 मीटर पैदल उपरिगामी पुल निर्माण, पार्किंग स्थल, दिव्यांगजन सुविधाएं तथा प्रथम तल पर निर्माणाधीन महिला/पुरुष डोरमेट्री एवं प्रतीक्षालय का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने प्लेटफॉर्म-1 पर प्रतीक्षालयों एवं डोरमेट्री के आधुनिकीकरण, यात्री निवास, वीआईपी लाउंज, टीसी कक्ष, आरक्षण केंद्र, शौचालय, वाटर बूथ, पार्सल कार्यालय, रनिंग रूम एवं पार्किंग व्यवस्था का भी अवलोकन किया। उन्होंने सर्कुलेटिंग एरिया में स्थापित डीजल इंजन धरोहर के समुचित रख-रखाव, पार्सल कार्यालय के निकट अनाधिकृत प्रवेश रोकने, नए भवनों में कार्यालय शिफ्ट करने तथा यात्री निवास को वातानुकूलित करने के निर्देश दिए। साथ ही ग्रीष्मकालीन यात्रियों की सुविधा हेतु सभी पंखों को क्रियाशील रखने, पेयजल की समुचित उपलब्धता एवं नए वाटर कूलर लगाने पर जोर दिया।
संरक्षा निरीक्षण के क्रम में मंडल रेल प्रबंधक ने केंद्रीकृत स्टेशन पैनल, इंटरलॉकिंग सिस्टम, संरक्षा उपकरण, कुंजी हस्तांतरण रजिस्टर, पॉइंट्स एंड क्रॉसिंग, स्विच एक्सटेंशन जॉइंट्स (SEJ), ग्लूड जॉइंट्स, सिग्नलों की दृश्यता एवं स्टेशन सेक्शन के कर्वेचरों का परीक्षण कर संरक्षा मानकों की पुष्टि की।
बलिया स्टेशन के बाद उन्होंने अप लाइन बलिया-गाजीपुर सिटी रेलखंड पर पॉइंट क्रॉसिंग संख्या 203 A एवं B, स्विच एक्सटेंशन जॉइंट संख्या 36 तथा किमी 80/2 पर कर्व संख्या 20 का भी गहन निरीक्षण कर मानक अनुरूप मापन सुनिश्चित किया।
इस अवसर पर वरिष्ठ मंडल इंजीनियर (समन्वय) विकास कुमार सिंह, वरिष्ठ मंडल इंजीनियर-2 विनीत कुमार, वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक शेख रहमान, वरिष्ठ मंडल विद्युत इंजीनियर (सामान्य) सौरभ राठौर, वरिष्ठ मंडल सिग्नल एवं दूरसंचार इंजीनियर-2 यशवीर सिंह, सहायक संरक्षा अधिकारी अभिषेक कुमार, सहायक परिचालन प्रबंधक एस.के. राय, सहायक मंडल इंजीनियर/बलिया धर्मेंद्र कुमार, सहायक सिग्नल एवं दूरसंचार इंजीनियर/छपरा अशोक कुमार सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।








