गाजीपुर । शादियाबाद थाना क्षेत्र के शाहपुर शमशेरखा गांव निवासी भारतीय सेना के जवान हरिकेश यादव सड़क हादसे में शहीद हो गए। वह राजस्थान के अलवर में तैनात थे और इन दिनों ड्यूटी के सिलसिले में झांसी गए हुए थे। बताया जा रहा है कि सैन्य अभ्यास पूरा करने के बाद वह वापस लौट रहे थे, तभी रास्ते में ट्रक और पिकअप की आमने-सामने की टक्कर हो गई।
इस दर्दनाक हादसे में उनका निधन हो गया। ड्यूटी के दौरान हुए इस हादसे की खबर मिलते ही परिवार और पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।मंगलवार को जब शहीद जवान का पार्थिव शरीर उनके पैतृक गांव शाहपुर शमशेरखा पहुंचा तो माहौल बेहद गमगीन हो गया। मां, पत्नी और बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल था। परिजनों की चीख-पुकार सुनकर वहां मौजूद लोगों की आंखें भी नम हो गईं।

कई बार परिवार के सदस्य बेसुध हो गए, जिन्हें ग्रामीणों और रिश्तेदारों ने संभाला।शहीद के अंतिम दर्शन के लिए आसपास के गांवों और क्षेत्र से हजारों लोग उनके घर पहुंचे। लोगों ने नम आंखों से अपने वीर सपूत को श्रद्धांजलि अर्पित की।

इस दौरान “भारत माता की जय” और “शहीद हरिकेश यादव अमर रहें” के नारों से पूरा गांव गूंज उठा। हर कोई अपने वीर जवान की शहादत को याद कर भावुक नजर आया।ग्रामीणों ने बताया कि हरिकेश यादव बेहद सरल, मिलनसार और कर्तव्यनिष्ठ स्वभाव के थे। वह हमेशा देश सेवा के लिए समर्पित रहते थे और गांव के लोगों के बीच भी उनकी अच्छी छवि थी। उनकी असामयिक मृत्यु से पूरे क्षेत्र में गहरा शोक व्याप्त है।
इस मौके पर सपा जिला अध्यक्ष गोपाल यादव सहित कई जनप्रतिनिधि और प्रशासनिक अधिकारी भी मौके पर पहुंचे। सभी ने नम आंखों से शहीद को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए शोक संतप्त परिवार के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की और हर संभव मदद का भरोसा दिलाया।







