बलिया। फेफना थाना क्षेत्र के निधरिया गांव में शुक्रवार सुबह खेत की घेराबंदी के लिए लगाए गए कटैले तार में प्रवाहित करंट की चपेट में आने से एक महिला की मौत हो गई। घटना से गांव में शोक का माहौल है।जानकारी के अनुसार निधरिया गांव निवासी 48 वर्षीय लक्ष्मी देवी, पत्नी लाल बिहारी वर्मा, शुक्रवार सुबह करीब पांच बजे टहलने के लिए घर से निकली थीं।
इसी दौरान वह हरिकिशुन वर्मा के खेत के पास पहुंच गईं, जहां खेत की घेराबंदी के लिए लगाए गए कटैले तार में करंट प्रवाहित हो रहा था। करंट की चपेट में आने से वह गंभीर रूप से झुलस गईं।घटना की जानकारी मिलने पर परिजन उन्हें आनन-फानन में जिला अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मर्चरी हाउस में रखवा दिया।बताया जाता है कि मृतका के पति लाल बिहारी वर्मा गांव के पूर्व प्रधान होने के साथ ही होमगार्ड में भी तैनात हैं। लक्ष्मी देवी के दो बेटे और दो बेटियां हैं, जिनकी अभी शादी नहीं हुई है।








