लखनऊ। गोमतीनगर स्थित इस विशाल परिसर में पिछले कई दिनों से ट्रकों और वाहनों की आवाजाही लगातार देखी जा रही है। जानकारी के अनुसार, सहारा समूह के संस्थापक सुब्रत रॉय की पत्नी स्वप्ना रॉय भी अपनी कोठी ‘स्वप्ना कुटी’ (जिसे व्हाइट हाउस कहा जाता है) से कीमती सामान बाहर भिजवा रही हैं।प्रशासन ने स्पष्ट निर्देश जारी किए हैं कि एक बार परिसर से निकाला गया सामान दोबारा अंदर नहीं लाया जा सकेगा।
साथ ही सहारा प्रबंधन से जुड़े लोगों के प्रवेश पर भी रोक लगा दी गई है। यह कार्रवाई लखनऊ नगर निगम के आदेश पर की जा रही है, जिसने पूरी जमीन को अपने कब्जे में लेकर खाली कराने का निर्णय लागू किया है।दरअसल, सुप्रीम कोर्ट ने सहारा सिटी की लीज समाप्त करने के फैसले को सही ठहराते हुए जमीन नगर निगम को सौंपने का आदेश दिया।
इसके बाद सरकार ने यहां नया विधानसभा भवन बनाने की योजना पर काम शुरू कर दिया है, जिसमें लखनऊ विकास प्राधिकरण को नोडल एजेंसी बनाया गया है।इसी बीच, परिसर में करोड़ों रुपये के सामान की चोरी का मामला भी सामने आया है। चोरी में पिस्टल, कारतूस, महंगी घड़ियां, कैमरे, वाहन और चांदी के बर्तन शामिल बताए जा रहे हैं।
स्पेशल टास्क फोर्स ने कार्रवाई करते हुए छह आरोपियों को गिरफ्तार कर काफी सामान बरामद किया है। जांच में यह भी संकेत मिले हैं कि इतनी बड़ी चोरी बिना अंदरूनी जानकारी के संभव नहीं थी।सुरक्षा व्यवस्था को लेकर प्रशासन सतर्क हो गया है और परिसर में गार्डों की संख्या बढ़ाने के निर्देश दिए गए हैं।
अधिकारियों के अनुसार, सील होने के बावजूद कुछ लोग रात में रेकी करने की कोशिश कर रहे थे, जिन्हें चेतावनी दी गई है।गौरतलब है कि वर्ष 1994 में सहारा इंडिया हाउसिंग लिमिटेड को 170 एकड़ जमीन आवासीय योजना के लिए दी गई थी।
अब लीज शर्तों के उल्लंघन और अवधि पूरी होने के बाद यह जमीन सरकार के कब्जे में आ गई है, जिस पर प्रदेश की नई विधानसभा बनने की योजना आगे बढ़ रही है।







